अलीगढ़. अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के 12वीं के पूर्व छात्र शोएब ने गुरुवार को कैंपस में बने कैनरा बैंक के एटीएम में घुसकर सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवक लूट के इरादे से अंदर घुसा था। इस दौरान उसने शटर बंद कर एटीएम मशीन के साथ भी छेड़छाड़ की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इस घटना की सूचना पर एएमयू प्रॉक्टर एटीएम पहुंचे। तब तक आरोपी शोएब वहां से भाग निकला। उन्होंने आरोपी का पीछा करवाया, इसके बाद वह पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ये सब उसने लूट के इरादे से किया था। आरोपी के पास से बहुत से इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ है। एएमयू प्रॉक्टर जमशेद सिद्धिकी ने छात्र के खिलाफ सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
बताते चलें कि आरोपी ने खुद की पहचान छिपाने के लिए सबसे पहले कैमरों को नष्ट किया। कैनरा बैंक के शाखा प्रबंधक का कहना है कि अरोपी ने सब कुछ नष्ट कर दिया है। एटीएम मशीन के साथ छेड़खानी करने से ये पता नहीं चला पा रहा है कि एटीएम से रुपए निकाले गए हैं या नहीं। इससे लूट की पुष्टि नहीं हो पा रही है।
तस्वीर में: कैंपस में बना कैनरा बैंक एटीएम, जिसमें घुसा था छात्र।