झांसी. ललितपुर में तांत्रिक बनकर निसंतान दंपत्ति को जड़ी बूटी और दवा के माध्यम से ठीक करने का दावा करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खुद को तांत्रिक बताने वाली यह महिला उन महिलाओं का इलाज करने का दावा करती थी, जो किसी कारणवश गर्भवती नहीं हो पाती थी। वह उन्हें ताबीज, कुछ सिक्के और देशी दवाई देती थी। इन दवाओं से इलाज कराने वाली महिलाओं का पेट फूल जाता था और माहवारी रुक जाती थी।
तांत्रिक महिला दवा देने के नौ महीने बाद निर्धारित समय पर इलाज कराने वाली महिला के घर जाती थी। डिलीवरी कराने के बहाने वह उसे कमरे में बंद कर बेहोश कर देती थी। इसके बाद किसी तरह चुपके से लाए बच्चे को परिजनों को थमा देती थी। वह अस्पतालों में स्वास्थ्य अधिकारी बन कर जाती थी और किसी तरह यहां से बच्चा चुरा कर ले आती थी। महिला तांत्रिक के झांसे में अब तक झांसी से 6, ललितपुर से 9 और अन्य जिले की महिला फंस चुकी है। ये अब तक 10 महिलाओं को चोरी के बच्चे दे चुकी थी।
पीड़ित महिला का अल्ट्रासाउंड कराने से हुआ खुलासा
पुलिस ने दवा कराने वाली ऐसी ही एक महिला का अल्ट्रसाउंड भी कराया, लेकिन उसमें कुछ भी नहीं निकला। जबकि खुद को गर्भवती समझ रही महिला असमंजस में थी कि आखिर डिलीवरी क्यों नहीं हो रही। इस तांत्रिक महिला के पास गुजरात, यूपी, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों से महिलाएं इलाज कराने आती थीं। ललितपुर के एसपी किरण एस. ने बताया कि महिला को पिछले 6 माह से तलाश रहे थे।
क्षेत्र के ही युवक के साथ मिल बनाई योजना
बुंदेलखंड के ललितपुर में इस तरह का अनोखा मामला पहली बार सामने आया है। मूल रूप से मध्य प्रदेश के दतिया की रहने वाली गुड्डन (40) नाम की यह महिला ललितपुर में रहती है। पिछले कुछ साल से वह तंत्र-मंत्र करने लगी। क्षेत्र का ही संजय नामक व्यक्ति उसके संपर्क में आया। तंत्र-मंत्र से जुड़ी इस महिला ने उसके साथ मिल इस तरह की योजना बनाई।
आगे पढ़िए महिलाओं को गर्भवती करने के लिए देती थी ताबीज...