सीतापुर. उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल के साथ हुई मारपीट को लेकर गुरुवार को जिले में पूरी तरह से बाजार बंद रहा। व्यापारी नेताओं ने प्रतिष्ठान बंद कराने के दौरान नारेबाजी की और नगर मजिस्ट्रेट तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। बाजार बंदी के दौरान व्यापार मंडल से संबंधित सभी संगठन एकजुट नजर आए।
शहर के मुख्य चौराहे लालबाग पर व्यापारी नेता एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए बाजार में घूम-घूम कर दुकानें बंद कराईं। शहर में दरी मंडी, लोहामंडी, नमक मंडी, कपड़ा मंडी समेत तमाम बाजार बंद रहे। बाजार बंद कराने के बाद व्यापारी नेता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां नगर मजिस्ट्रेट को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
शहर की नवीन गल्ला मंडी में व्यापारी नेताओं ने थोक और फुटकर दुकानें बंद करके विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा महमूदाबाद, मिश्रिख, सिधौली, लहरपुर, बिसवां, हरगांव, महोली, मछरेहटा, संदना, खैराबाद समेत अधिकांश तहसील व ब्लाक मुख्यालयों पर बंदी का असर देखा गया। सीतापुर में व्यापारी नेता प्रेमचंद्र अग्रवाल, तुषार साहनी, जीवेश साहनी, संजीव अग्रवाल, गोपाल टंडन, अनिल गुप्ता समेत दर्जनों व्यापारी विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे।
फोटो: नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते व्यापारी नेता।