तस्वीर में: मृतकों के परिजन विलाप करते हुए।
मेरठ/मुजफ्फरनगर. बुढ़ाना मोड़ पर स्थित अंकुर फर्टीलाइजर फैक्ट्री में शनिवार की दोपहर एक टैंकर में वैल्डिंग करते हुए भीषण विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई पड़ी। हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से गुस्साए लोगों ने फैक्टरी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शनिवार दोपहर के समय वहां खड़े कैमिकल के एक टैंकर संख्या (यूपी12टी0247) में वैल्डिंग किया जा रहा था। वैल्डिंग के कारण टैंकर में गैस बनती चली गई और अचानक वह तेज धमाके के साथ फट गया। टैंकर के परखच्चे उड़ गए। तेज धमाके के साथ वहां पास में खड़े दो कर्मचारी इसकी चपेट में आकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में कृष्णापुरी निवासी रवि तथा बुढ़ाना मोड़ निवासी विजय बताए गए हैं। नयागांव निवासी बबलू इस हादसे में घायल हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज सुनकर आस पास से बड़ी संख्या में लोग दौड़कर वहां पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना पर सीओ सिटी संजीव वाजपेयी तथा कोतवाली प्रभारी चमन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद फैक्ट्री के महाप्रबंधक आरएस बंसल ने बताया कि टैंकर खाली था, संभवत: उसमें थोड़ा बहुत कैमिकल रह गया होगा। इसके चलते यह विस्फोट हुआ। वहीं पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
आगे देखिए इस घटना से संबंधित तस्वीरें...