पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

UP LIVE: शौच के लिए गई किशोरी से रेप

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यूपी की पल-पल की खबर, बस एक क्लिक पर
ब्‍लास्‍ट के आरोपियों के खिलाफ मामला वापस लेने की याचिका खारिज​
​बाराबंकी कोर्ट ने यूपी सरकार को झटका। वाराणसी, लखनऊ, फैजाबाद में ब्‍लास्‍ट के आरोपी ​तारिक कासमी और खालिद के ऊपर से मुकदमा वापस लेने की यूपी सरकार की याचिका को बाराबंकी कोर्ट ने खारिज किया। अदालत ने कहा कि इन पर गंभीर आरोप लगे हैं, इसलिए केस वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता। न्‍यायालय में ट्रायल के बाद अगर ये निर्दोष हैं तो बरी होंगे। गौरतलब है कि पिछले दिनों न्‍याय विभाग की तरफ से बाराबंकी के डीएम को मामले में केस वापस लेने का निर्देश भेजा गया था।
अचानक गिरा पुल, चार घंटों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
चंदौली के जसुरी गावं में गुरूवार की दोपहर उस समय एक बड़ा हादसा हो गया जब नहर पर बने जर्जर पुल को तोड़ते समय अचानक पुल गिर गया। इस घटना में चार मजदूर दब गए। गांव वालों ने पुल के मलबे में फंसे घायल तीन मजदूरों को बमुश्किल से निकालकर जिला अस्पताल भेज दिया। एक मजदूर धरासायी मलबे में बुरी तरह फंस गया। कोतवाल अजय श्रीवास्तव की पहल पर रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। चार घंटे के अथक प्रयास के बाद पत्थरों के मलबे में फंसे मजदूर को निकाला गया।
गाजियाबाद, मऊ के डीएम भी हटाए गए
8 आईएएस ट्रांसफर के कुछ देर बाद ही उत्‍तर प्रदेश शासन ने दो और आईएएस व एक पीसीएस अफसर को ट्रासंफर कर दिया। इनमें गाजियाबाद के डीएम एसबीएस रंगाराव को विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद बनाया गया है, वहीं मऊ के डीएम भूपेंद्र एस चौधरी को विशेष सचिव श्रम पद पर तैनाती दी गई है। इनके अलावा एक पीसीएस अफसर सत्‍येंद्र कुमार सिंह को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्‍यक्ष बनाया गया है।
सरकार पूरी तरह से फेल, जनता को सिर्फ हाईकोर्ट से सहारा- भाजपा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ चन्‍द्रमोहन ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में निरांकुश शासन एवं प्रशासन से आजिज जनता के लिए सिर्फ उच्‍च न्‍यायालय का आदेश ही एकमात्र आशा का केन्द्र है। उन्‍होंने कहा कि लगातार दो दिन हाईकोर्ट ने शासन के निरंकुश आला अधिकारियों के खिलाफ जिस तरीके से सख्त आदेश दिये, वह यूपी सरकार को आईना दिखाने के लिये पर्याप्त है। प्रमुख सचिव गृह, आयुक्त बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारियों को पुलिस अभिरक्षा लेने के लिये बाध्य होना पड़ा और तीन दर्जन से अधिक आला अधिकारियों के खिलाफ वारन्ट जारी करना पड़ा। इससे प्रदेश में आम आदमी के हालात का अंदाज लगाया जा सकता है।
कनार्टक में एक सीट जीत सपा देख रही केंद्र में बड़े बदलाव के संकेत
कनार्टक विधानसभा में पहली बार एक सीट जीतने में सफल होने वाली समाजवादी पार्टी इन दिनों इस एक सीट को देश में बड़े बदलाव के रूप में देख रही है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्‍ता और कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने आज कहा कि चुनाव में चन्नापटना सीट जीतकर एक नया इतिहास रचा है। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी योगेश्वर 6464 मतों से जीते है। यहा कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। स्पष्ट है कि जनता अब राष्ट्रीय दलों के मुकाबले क्षेत्रीय दलों को ज्यादा महत्व दे रही है। दक्षिण में समाजवादी पार्टी की यह जीत भविष्य के लिए पार्टी के पक्ष में तमाम आशाएं जगाने में सफल है।
इलेक्ट्रोनिक सचिव, भारत सरकार पर कंटेम्प्ट चार्ज बना
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ नूतन ठाकुर द्वारा दायर कंटेम्प्ट याचिका में आज इलाहाबाद हाई कोर्ट, लखनऊ बेंच के जस्टिस सुधीर अग्रवाल ने सचिव, इलेक्ट्रोनिक और आईटी विभाग जे सत्यनारायण को प्रथमद्रष्टया अवमानना का दोषी पाते हुए उनके खिलाफ कंटेम्प्ट चार्ज संस्थित किया है.
राष्‍ट्रगीत का अपमान करने वाले सांसद का पुतला फूंका
राष्ट्रगीत वंदेमातरम का अपमान करने के विरोध में आगरा में मु‍स्लिम संगठन वंदेमातरम यूथ बिग्रेड ने बसपा सांसद शफीकुर्ररहमान का पुतला जलाया। गुरुवार की दोपहर बाद संगठन के कार्यकर्ता खेडि़या स्थित अर्जुन नगर में एकत्रित हुए। उन्‍होंने वहां प्रदर्शन किया और पुतले में आग लगा दी। कार्यकताओं का कहना था कि राष्‍ट्रगीत का अपमान बसपा सांसद ने वोट की खातिर किया है।
अवैध वसूली के किलाफ आज से अभियान हुआ शुरू
कानपुर में टेम्पो, ऑटो और लोडरो से सरकारी शुल्क जमा करने के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। ये मानना है कानपुर नगर आयुक्त का, और इसको लेकर उनके पास पिछले कुछ दिनों से शिकायते भी मिल रही थी, इस शिकायत को देखते हुए नगर आयुक्त ने आज से अभियान चलाने का आदेश दिया है, साथ ही जांच के दौरान वाहनों का जमा शुल्क देखने और अवैध वसूली की शिकायत पर पड़ताल कर कार्यवाही करने के आदेश भी दिए है।
मैनपुरी में जहरीली शराब से दो की मौत
मैनपुरी में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई। वे बेवर इलाके के किशनपुर गढि़या गांव के रहने वाले थे। 32 वर्षीय राम प्रकाश और 38 वर्षीय रामविलास ने बुधवार की रात को कच्‍ची शराब पी थी। रात को घर पहुंचने के बाद से ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। उन्‍हें अस्‍पताल ले जाया गया। गुरुवार को दोनों ने दम तोड़ दिए। दोनों के परिवारवालों का आरोप है कि शराब जहरीली थी, इसलिए मौत हुई है।
युवक और युवती ने की आत्महत्या
कानपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत एक युवक और एक युवती ने आत्महत्या कर ली। महराजपुर थाना अंतर्गत एक 19 वर्षीय युवती ने फ़ांसी लगा कर आत्महत्या की, जबकि नौबस्ता थाना अंतर्गत 25 वर्षीय युवक ने जहर खाकर अपनी जान दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाशों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि अभी तक ये नहीं पता लग पाया है की दोनों ने क्यों आत्महत्या की।
लूटने में असफल होने पर महिला की पिटाई की
आगरा के कमला नगर में गुरुवार को महालक्ष्‍मी मंदिर के पास महिला मीरा को लूटने का प्रयास किया। असफल होने पर अपराधियों ने महिला से मारपीट की और भाग गए। मीरा ने पुलिस को घटना की सूचना दी है। उन्‍होंने बताया कि दो बदमाशों ने गले में हाथ मारा। चेन उनके हाथ में आ गई। लेकिन मीरा ने छुड़ा लिया। इसके बाद वे उसे पीटने लगे। इसमें मीरा का दांत टूट गया।
दीक्षांत समारोह में काले कपड़े पर बैन
कानपुर में शनिवार को मेडिकल कालेज के चौथे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के आने की तैयारी अंतिम चरण में है। इसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं। इस कार्यक्रम में मोबाइल, पर्स, और पानी का बोतल लाने पर रोक लगाने के साथ ही काले कपड़े पर बैन लगा दिया गया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ नवनीत कुमार का कहना है कि ये जिला प्रशासन का आदेश है। हमें नहीं पता जिला प्रशासन ने एसा क्यों किया है। जिला प्रशासन ने इस पर टिप्पणी करने से मना कर दिया। गौरतलब है कि दस मई को राष्ट्रपति कानपुर मेडिकल कॉलेज आ रहे है।
नर्स की मौत पर सीएमएस की पिटाई और तोड़फोड़
कन्नौज के तिर्वा थाना अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज में नर्सो ने जमकर हंगामा किया। बुधवार की देर शाम बिंदु शर्मा नाम की नर्स दुर्घटना में घायल हो गयी, जिसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, मगर मेडिकल कॉलेज में नर्स का बिना इलाज किये लखनऊ रेफर कर दिया गया, जिसकी रास्ते में मौत हो गयी। इसको लेकर आज दोपहर में सभी नर्स सीएमएस राम नाथ के पास गयी, लेकिन उन्होंने सब नर्सो को भगा दिया। इससे नाराज़ होकर स्टाफ नर्सो ने उनकी जमकर पिटाई कर दी।
झांसी के कमिश्‍नर, आजमगढ़ के डीएम सहित 8 आईपीएस ट्रांसफर
उत्‍तर प्रदेश शासन ने मंगलवार को आठ आईएएस अफसरों के ट्रासंफर कर दिए। इनमें बीबी सिंह को झांसी का कमिश्‍नर बनाया गया है, जबकि नीना शर्मा आजमगढ़ की डीएम होंगीं। अभी तक आजमगढ़ के डीएम रहे आरपी अरोड़ा को नेडा, लखनऊ में निदेशक पद की जिम्‍मेदारी दी गई है, जबकि उषा रमण त्रिपाठी को विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा विभाग, अविनाश गौड़ को विशेष सचिव, सहकारिता विभाग बनाया गया है। वहीं मथुरा वृन्‍दावन विकास प्राधिकारण की उपाध्‍यक्ष निधि केसरवानी को वेटिंग में डाल दिया गया है। इनके अलावा डॉ आदर्श सिंह को विशेष सचिव, ग्राम्‍य विकास एवं मिशन निदेशक राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन और पुष्‍पा सिंह को प्रबंध निदेशक पीसीएफ पद पर तैनाती दी गई है।
लखनऊ में भी बचाए जा रहे हैं वरिष्ठ रेलवे अधिकारी
लखनऊ के सामाजिक कार्यकर्ता अमिताभ ठाकुर ने प्रधान मंत्री और रेल मंत्री को लखनऊ के कुछ वरिष्ठ रेल अधिकारियों के अनुचित व्यवहार और अपने अधीनस्थ के विरुद्ध की गयी शिकायत का संज्ञान नहीं लेने सम्बंधित शिकायत भेजी है. ठाकुर के अनुसार लगभग तीन साल पूर्व 01 जून 2010 को गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर एक कर्मी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, उन्होंने इसके बारे में ए के सिंह, तत्कालीन डीआरएम को फोन और मिल कर लिखित शिकायत की. डीआरएम के आदेश से उन्होंने शिकायत की प्रति सीनियर डीसीएम इंदु दूबे को दी. जब कोई कार्यवाही नहीं हुई तो उन्होंने कई बार रेलवे बोर्ड अध्यक्ष, रेल मंत्री और प्रधान मंत्री को शिकायतें भेजीं. अंत में मामले की जांच जीएम कार्यालय, गोरखपुर को दी गयी जिन्होंने ठाकुर से इस मामले से जुड़े सभी अभिलेख, गवाह आदि के बारे में पूछा लेकिन यह जानकारी मिलने पर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई.
मदरसा शिक्षकों का यूपी कांग्रेस दफ्तर पर प्रदर्शन
लखनऊ में सैकड़ों मदरसा शिक्षकों ने उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माल एवेन्‍यू स्थित दफ्तर को घेरा। मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन, नारेबाजी के बीच भारी हंगामा जारी। खूब बोले दिग्विजय सिंह कानपुर में।
निष्पक्ष है सीबीआई
कानपुर में कांग्रेस के राष्ट्रिय महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि उच्च न्यायालय ने टिपण्णी की है, आदेश नही दिया है। सीबीआई निष्पक्षता से अपना काम कर रही है। रेल मंत्री के भांजे को गिरफ्तार कर के उसने अपनी निष्पक्षता साबित किया है। सनाउल्ला की मौत पर कहा कि किसी भी देश की जेल में किसी अन्य देश के कैदी की मौत हो जाती है।
छात्रों ने नगर निगम जोनल कार्यालय पर जमकर किया हंगामा
वाराणसी के नगर निगम जोनल जेई कार्यालय पर श्री हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रसंघ छात्रों ने पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ किया। विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रसंघ छात्रो की मांग थी कि कालेज के आस-पास और सिगरा स्थित नगर निगम प्रेक्षागृह का जल्द से जल्द सुन्दरीकरण हो। बीते वर्षो में इस मद में आवंटित लाखों रुपयों की घोटालों की CID जांच हो। विरोध कर रहें छात्रो ने कालेज के गेट से विरोध जुलुस निकाला। जुलुस के दौरान आक्रोशित छात्रों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नगर निगम जोनल जेई कार्यालय पर पहुंचते ही दफ्तर की कुर्सियों को सड़क पर फेंकने लगे।
लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में कैदी की मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान
लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर एक कैदी की मौत हो गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे जेल प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। बरेली जेल प्रशासन ने कैदी को भर्ती कराया था।
मेट्रो प्रोजेक्ट पर बैठक आज
लखनऊ में मेट्रो प्रोजैक्‍ट को लेकर आज बैठक होनी है। स्‍पेशल सेल और डीएमआरसी के अफसरों के बीच मेट्रो प्रोजैक्‍ट का खाका तैयार किया जाएगा।
संविदाकर्मियों ने स्वास्थ केंद्र पर जड़ा ताला
चंदौली के नौगड़ स्वास्थ केंद्र पर संविदा कर्मियों ने जमकर प्रदर्शन किया। नाराज कर्मियों ने स्वास्थ केंद्र में ताला भी जड़ दिया। स्वास्थ विभाग के खिलाफ नाराज संविदा कर्मियों ने जमकर की नारेबाजी । संविदा कर्मी महेश ने बताया कि चार महीनों से एक भी पैसा नहीं मिला । कई बार अधिकारीयों से मिला गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। आज मजबूरन केंद्र पर ताला लगाना पड़ा ।
सीबीआई और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
वाराणसी में सीबीआई को लेकर सुप्रीम कोर्ट के बयान के बाद अब बारी है, भाजपा कार्यकर्ताओ की ओर से सीबीआई और केंद्र सरकार का घेराव करने की। ऐसा ही कुछ नजारा निचिबाग स्थित भाजपा कार्यालय पर तब देखने को मिला जब भाजपाई हांथ में सीबीआई लिखा प्लास्टिक का तोता लेकर सड़क पर उतर गए । केंद्र सरकार और सीबीआई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सीबीआई को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पड़ी से साफ़ हो गया कि सीबीआई किस तरह से केंद्र सरकार के चंगुल में है। भाजपा कार्यकर्ता अनूप जयसवाल ने बताया कि सीबीआई सरकार के हाथों की कठपुतली बन गयी है ।
अवैध असलहे के साथ पकड़ा गया युवक
न्‍यू आगरा पुलिस ने जांच के दौरान एक व्‍यक्ति को देसी पिस्‍टल के साथ पकड़ा। रुटीन जांच के दौरान रणवीर के वाहन को रोकने को कहा गया, लेकिन वह नहीं रुका। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा। उसके पास से 32 बोर की देसी पिस्‍टल बरामद हुई है। वह मलपुरा का रहने वाला है। अब पुलिस उस पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
ब्लू फिल्मों की सीडी और डीवीडी के साथ तीन गिरफ्तार
वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र के बड़ी पियरी में क्राइम ब्रांच की टीम ने एक आलिशान मकान में छापा मारकर पाइरेटेड सीडी, ब्लू फिल्मों की डीवीडी को राइट करने वाले कई कंप्यूटर और राइटर समेत तीन लोगों को पकड़ा। क्राइम ब्रांच की टीम को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि मकान के अंदर पाइरेटेड सीडी बनाने का काला कारोबार चल रहा है। मुख्य रूप से ब्लू फिल्मों की सीडी, डीवीडी को कॉपी राइट कर मार्केट में बेचा जाता था। पूर्वांचल के कई जिलों में इनकी सप्लाई की जाती थी। क्राइम ब्रांच की टीम के अनुसार लाखों रुपये मूल्य की नकली सीडी, डीवीडी बरामद की गई है।
शौच के लिए गई किशोरी से रेप
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में बुधवार की देर रात सत्रह साल की एक लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी दिनेश के मुताबिक लड़की शौच के लिए खेत में गई थी। तभी गांव का एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसके साथ रेप करने लगा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (रेप) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया गया है।
आजमगढ़ के एसडीएम राम​ नरेश पाठक निलम्बित
मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने दायित्‍वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में आजमगढ़ के एसडीएम राम नरेश पाठक को निलंबित कर दिया है। वहीं मामले की जांच वहां के आयुक्त को सौंप दिया है। राम नरेश पाठक पर आरोप है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम-1950 की धारा-161 के अन्तर्गत मिश्रपुर ग्राम सभा की अधिक मूल्य की भूमि को अनुचित रूप से निजी खातेदार के पक्ष में अनियमित रूप से आदेश पारित कर दिया। एसडीएम के इस आदेश से ग्राम सभा मिश्रपुर को 34.91 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई। उन्होंने के मिश्रपुर गांव के मजरे मोचीपुर, केशवपुर की कीमती भूमि को भी धारा-161 के अन्तर्गत अनियमित विनिमय आदेश जारी किया था। निलम्बन अवधि में राम नरेश पाठक आजमगढ़ के ​कमिश्‍नर ​कार्यालय से सम्बद्ध रहेंगे।
आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज होगा सील, चार हजार छात्रों का भविष्य अधर में
आगरा स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज अब पूरी तरह से सील हो जाएगा। यहां पढ़ाई का काम ठप हो जाएगा। हाईकोर्ट के आदेश पर जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने वन विभाग से कॉलेज को सील करने को कहा है। दरअसल यह कॉलेज कीठम पक्षी विहार के नोटिफाइड एरिया में बना हुआ है। इसके मुख्‍य गेट को वन विभाग ने पहले ही सील कर दिया था लेकिन दूसरे गेट से कॉलेज चल रहा था। अब यहां के चार हजार छात्रों के भविष्‍य पर खतरा मंडराने लगा है।
लेखपाल आज से हड़ताल पर
कुशीनगर के तमकुहीराज एसडीएम के साथ हुए दु‌र्व्यवहार के खिलाफ सदर तहसील के लेखपालों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आज से सामूहिक हड़ताल की घोषणा की है। इस हडताल में कुशीनगर जिले के सभी लेखपाल शामिल होंगे। गौरतलब है कि दो दिन पहले एसडीएम की कोर्ट की कारर्वाई के बीच एसडीएम से मिलने की मांग करते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था।
किराना व्यवसायी की गोली मार कर हत्या
देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के मुजरी गांव में बुधवार देर रात बाइकसवार तीन लुटेरों ने एक किराना व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अपने भाई के साथ दुकान बंद करके लौट रहा था। लुटेरे गोली मारने के बाद व्यवसायी की बाइक और उसके पास रखी एक लाख रुपये नगदी भी उठा ले गए। गोली के शिकार व्यवसायी को जिला अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्वर्ण व्यवसायी हत्याकांड में थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित
वाराणसी के राम नगर में बुधवार को स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय कुमार ने थानाध्यक्ष समेत फैंटम दस्ते को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पिकेट था लेकिन वहा फैंटम दस्ता नदारत था। अगर शाम के समय राम नगर थानाध्यक्ष गाड़ियों की चेकिंग करते रहते तो हो सकता है कि घटना न होती। उन्होंने थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
व्यापारी की हत्या के विरोध में रामनगर बंद
वाराणसी से सटे राम नगर थाना क्षेत्र के चौक इलाके में कल देर शाम एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। इसके विरोध में रामनगर व्यापार मंडल ने आज बाजार बंद का आह्वान किया है। इलाके में सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। व्यापारियों ने पुलिस से व्यापारी बहादुर सिंह के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
स्वर्ण व्यवसायी की नौकर ने कराई हत्या
वाराणसी के रामनगर चौक इलाके में बुधवार की देर शाम बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी बहादुर सिंह उर्फ़ मोती सिंह को उसके दुकान में घुसकर गोली मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद हवाई फाइरिंग करते हुए वे भाग निकले। नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया था। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि हत्याकांड की पीछे की मुख्य वजह जमीनी विवाद है। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि 65 वर्षीय मोती सिंह की काफी प्रापर्टी है। इस प्रापर्टी की देख भाल के लिए उन्होंने नौकर को रखा था । मोती सिंह अपने एक बगीचे को बेचना चाहते थे लेकिन उनके नौकर की नियत प्रापर्टी को लेकर ख़राब हो गयी थी। उसी ने पूरी हत्या की साजिश रच डाली। फ़िलहाल नौकर और हत्यारे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पेड़ काटने पर दो के खिलाफ मुकदमा
कुशीनगर सिंचाई विभाग के एक्जिक्यूटिव इंजिनियर वीपी सिंह और उनके पटल सहायक अमित यादव के खिलाफ कुशीनगर कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दिया है। उनके खिलाफ आरोप है कि दोनों ने फाजिलनगर सिंचाई खंड दो के कार्यालय परिसर में यूकेलिप्टस के पचीस पेड़ फर्जी तरीके से दिखाकर कटवा लिया और लकड़ी बेच दी। इस बात का खुलासा आरटीआई कार्यकर्ता प्रमोद कुमार पांडेय ने किया है। उनके द्वारा मांगी गई जानकारी में यह सूचना दी गई थी। प्रमोद ने यह सारे तथ्य न्यायालय के सामने रखे। इसका संज्ञान लेते हुए न्यायालय ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
दलित प्रोफ़ेसर, छात्र और कर्मचारी कुलपति से करेंगे सीधा संवाद
वाराणसी स्थित बीएचयू में दलित प्रोफेसरों, कर्मचारियों और छात्रों के उत्पीड़न के संबंध में केऍन उड़प्पा सभागार में कुलपति से सीधे होगा संवाद। इस संवाद कार्यक्रम में कुलपति को पीड़ित प्रोफ़ेसर छात्र अपनी समस्याएं बताएंगे। वहीं कुछ लोगों द्वारा दलित होने का फायदा भी उठाया जा रहा है। इससे दुसरे दलित प्रोफ़ेसर छात्र कर्मचारी बदनाम हो रहे हैं। प्रमुख मांगों में कुलपति के सामने यह रखा जायेगा कि यूनिवर्सिटी में उत्पीड़न सम्बन्धी मामले कुलपति सुलझाएं। दूसरे विभागों में हो रहे उत्पीड़न की जानकारी सीनियर प्रोफ़ेसर बाहर तक पहुंचने नहीं देते है। इसके लिए विशेष सेल का गठन किया जाए।
'एफआईआर फॉर गंगा' के तहत 200 से ज्यादा पड़ी तहरीरें
वाराणसी में गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए इन दिनों 'एफआईआर फॉर गंगा' के नाम से एक मुहीम चलाई जा रही है। इस मुहीम की दिलचस्प बात यह है कि इसमें साधू, संत, डॉक्टर, व्यवसायी, छात्र समेत सैकड़ों लोग शामिल हैं। ये लोग गंगा घाटों का भ्रमण कर रहे हैं। जहां भी लोग प्रदूषण करते नजर आ रहे हैं, उनके खिलाफ बगल के थाने में तहरीर दी जा रही है। एसएसपी अजय कुमार का कहना है कि गंगा को लेकर मुहीम चलाई जा रही है। अब तक दो सौ से ऊपर मामले विभिन्न थानों तक पहुंचे हैं। उचित कार्यवाही की जाएगी। मुहीम में शामिल बीएचयू की एक छात्रा ने बताया कि इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे विश्वविद्यालयों और स्कूलों को भी जोड़ा जा रहा है।