यूपी की पल-पल की खबर, बस एक क्लिक पर
कंप्यूटर ऑपरेटर ने लगाया अश्लीलता और उत्पीड़न का आरोप
गोरखपुर के हेल्थ एंड फॅमिली वेलफेयर डिपार्टमेंट में कंप्यूटर ऑपरेटर /स्टोर कीपर के पसद पर काम करने वाली महिला ने एडी हेल्थ एसके श्रीवास्तव के ऊपर उत्पीडन का आरोप लगाया है। महिला ने उच्चाधिकारियों और शासन को पत्र लिखकर सूचना दी है कि एडी हेल्थ उससे अश्लील बातें करते हैं और अपने आवास पर बुलाते हैं। महिला का यह भी आरोप है को एडी हेल्थ ने उसे उनकी बात न मानने पर नौकरी से बर्खास्त करने की भी धमकी दी है। गोरखपुर डिवीज़न के कमिश्नर जेपी गुप्ता ने एडी हेल्थ को इस मामले में तलब किया है। इस बीच महिला ने महिला थाने पहुँच कर एडी हेल्थ के खिलाफ तहरीर दी है। महिला थाने की एसओ डॉ शालिनी सिंह ने महिला और एडी हेल्थ को पूछताछ के लिए बुलाया है।
हाईकोर्ट की सुरक्षा होगी और कडी
इलाहाबाद हाईकोर्ट की इलाहाबाद और लखनऊ बेंच की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आज प्रमुख सचिव गृह विभाग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में एडीजी सिक्योरिटी की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई, जिसमें लखनऊ और इलाहाबाद जोन के आईजी, विशेष विधि परामर्शदात्री, जनरल मैनेजर राजकीय निर्माण निगम और फायर विभाग के आईजी सदस्य होंगे। गृह सचिव राकेश ने बताया कि ये समिति सुरक्षा से जुडे सभी पहलुओं का व्यावहारिक रुप से अध्ययन कर 3 जून को अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग किए जाने और शिफटवार सुरक्षाकर्मियों की डयूटी लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान आलोक रंजन ने लगाई फटकार
प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी के छुट्टी पर जाने के बाद पद की जिम्मेदारी संभाल रहे कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक रंजन ने आज मनरेगा की समीक्षा की। इस दौरान आलोक रंजन कार्यों में लापरवाही की स्थिति से खासे नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि जितना धन जारी किया गया है, उस हिसाब से काम नहीं हो रहा है। बैठक में मुख्य अभियंता लघु सिंचाई को फटकार लगाई। कहा विभाग की तरफ से 213 करोड़ रुपए मांगा गया था, जिसमें से 192 करोड़ रुपए जारी कर दिया गया है लेकिन फिर भी काम नहीं हो रहा है।
सपा ने लोकसभा के लिए उत्तराखंड के दो उम्मीदवार घोषित किये
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने आज उतराखंड के दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया है। इसमें टिहरी से
नीरज सिंह चौहान और हरिद्वार से अजमल नवाब खां को उम्मीदवार बनाया गया है।
टीईटी भर्ती में मुश्किल में फंसी यूपी सरकार
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने ने बेसिक शिक्षकों की भर्ती के मामले में सरकार से जवाब-तलब किया है। पिछले साल मायावती सरकार के कार्यकाल में 72,825 बेसिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। लेकिन यूपी में सपा की सरकार आने पर ये प्रक्रिया रद कर दी गई। भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई। इसी को लेकर कोर्ट ने सरकार से जवाब-तलब किया है। सरकार से जुलाई के दूसरे हफ्ते तक जवाब देने को कहा गया है।
हाइटेंशन लाइन टूटने से महिला की मौत, बच्ची सहित चार भर्ती
गोण्डा में महिला चिकित्सालय के सामने हाइटेंशन लाइन टूटने से महिला और बच्ची समेत पांच लोग झुलसे। महिला की मौके पर ही मौत, बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हिस्ट्रीशीटर और बसपा के पूर्व विधायक सोनू सिंह भाजपा में पहुंचे
पूर्व बसपा विधायक और आपराधिक छवि के नेता चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। गुपचुप तरीके से पार्टी मुख्यालय पर हुई इस सदस्यता ग्रहण का खुलासा पार्टी गुरुवार को सुलतानपुर रैली में करेगी। इस रैली में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी और महासचिव वरुण गांधी भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार सुलतानपुर लोकसभा चुनाव में वरुण गांधी को उतारे जाने की तैयारियों को देखते हुए सोनू सिंह की ज्वाइनिंग इसलिए अहम हो जाती है क्योंकि वह पार्टी के पक्ष में ठाकुर वोट जुटाएंगे। यही नहीं पार्टी ने अगले विधानसभा चुनावों में सोनू सिंह को पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने का भी वादा किया है।
दो पक्षों में मारपीट, मामले को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश
गोरखपुर के गुलहरिया थानाक्षेत्र के भटहट इलाके के अमवां गाँव में दो संप्रदाय के युवकों के बीच विवाद हो गया। मामले की सूचना मिलने पर भटहट पुलिस चौकी इंचार्ज ने एक पक्ष के युवकों को पुलिस चौकी पर लाकर बिठा लिया। इससे नाराज दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस चौकी पर नारेबाजी शुरू कर दी और युवकों को छोड़ने की मांग करने लगे। घटना की सूचना पाकर गुलहरिया एसओ मौके पहुंचकर दोनों सम्प्रदाय के लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे है।
दस हजार का इनामी पन्ना लाल एसटीएफ के हत्थे चढ़ा
यूपीएसटीएफ ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश पन्ना लाल यादव उर्फ डॉक्टर और जयप्रकाश मौर्या उर्फ जेपी को लखनऊ में मड़ियांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूसों की बरामदगी दिखाई है। पुलिस के अनुसार पन्ना लाल यादव के खिलाफ 11 और जयप्रकाश के खिलाफ दो दर्जन मुकदमे गोरखपुर और आजमगढ़ में दर्ज हैं।
आज से शुरू हुआ यूपी कैटेट परीक्षा
उत्तर प्रदेश कंबाइंड एग्रीकल्चर एंड टेक्नीकल एंट्रेंस टेस्ट - 2013 ( यूपी कैटेट ) की परीक्षा बुधवार से शुरू हो गयी, तीन दिनों तक चलने वाले इस एग्जाम में 1664 4 अभ्यार्थी शामिल हुए है, कानपुर शहर में इसके लिए कुल 16 केंद्र बनाए गए है, इस परीक्षा के आयोजक चन्द्र शेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौधोगिक विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ नौशाद खान ने बताया कि टेस्ट के जरिये मेरठ, बांदा फैजाबाद और कानपुर की सीटो को भरा जाएगा। यूजी में 14076 अभ्यार्थी, पीजी में 1988 अभ्यार्थी, एमबीए में 66 अभ्यार्थी, पीएचडी में 509 अभ्यार्थी टेस्ट देंगे।
बिजली को लेकर सांसद पीएल पुनिया धरने पर बैठे
बाराबंकी के कई गावों में बिजली नहीं पहुंचने के विरोध में कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया लखनऊ में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के दफ्तर में धरने पर बैठे। पीएल पुनिया ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत गांवों तक बिजली पहुंचाई जानी थी लेकिन बाराबंकी में ऐसे गांवों की संख्या अनगिनत है, जहां बिजली पहुंची ही नहीं है। ये हाल राजधानी के बगल क जिले का है। महीने भर में सरकार ने अगर गांवों के विद्युतीकरण पर ध्यान नहीं दिया तो आन्दोलन किया जाएगा। पुनिया इस संबंध में राज्यपाल को भी ज्ञापन देंगे।
टेलीफोन अदालत में शिकायतकर्ताओं ने कहा नहीं सुनते कर्मचारी
कानपुर के माल रोड स्थित दूरसंचार भवन में टेलीफोन अदालत का आयोजन किया गया, जिसमे कई फरियादीयो ने अपनी फ़रियाद कही, इसमें ज्यादातर उन फरियादों का निस्तारण किया गया, जिन्होंने पहले से अपने शिकायत पत्र सहायक महाप्रबंधक को दिया था। विभाग के जन सम्पर्क अधिकारी एस के सिंह के अनुसार इसमें आये अधिकतर फरियादीयो की जो समस्या थी वो बिलिंग के साथ शिकायत का निस्तारण नहीं सुनने की थी। यहाँ आये लोगो ने बताया कि टेलीफोन खराब हो या बिल ज्यादा आये टेलीफोन आफिस के चक्कर लगाते रहो, कोई सुनाता ही नहीं है, लोगो की समस्या पर सहायक महा प्रबंधक ने कर्मचारियो की क्लास भी लगाई।
राज्यपाल द्वारा बेरिया प्रकरण में यथोचित कार्यवाही के निर्देश
शिव कुमार बेरिया, कपड़ा मंत्री, यूपी द्वारा कथित रूप से की गयी आपतिजनक और आपराधिक टिप्पणी के सम्बन्ध में राज्यपाल, उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री को यथोचित कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये हैं. राज्यपाल सचिवालय ने यह निर्देश सामाजिक कार्यकर्ता डॉ नूतन ठाकुर की शिकायत दिनांक 24 अप्रैल 2013 के सन्दर्भ में मुख्य मंत्री के प्रमुख सचिव को भेजे अपने पत्र दिनांक 09 मई 2013 द्वारा दिये हैं.
उचक्कों ने वायु सैनिक की पत्नी का पर्स छीना
गोरखपुर शहर के कोतवाली थानाक्षेत्र में देवरिया स्थित अपनी ससुराल से लौट रहे एक वायु सैनिक की पत्नी का पर्स उचक्के छीन कर फरार हो गए। नयी दिल्ली में तैनात वायु सेना के कारपोरल पंकज कुमार तिवारी ने पुलिस कण्ट्रोल रूम को सूचना दी कि वे आज लगभग 9.30 बजे देवरिया स्थित अपनी ससुराल से लौटे और रेलवे स्टेशन बस अड्डे से रिक्शा लेकर शीश महल कॉलोनी स्थित अपने भाभी के यहाँ जा रहे थे। जैसे ही वह बेनीगंज स्थित डीबी इंटर कॉलेज के गेट के सामने पहुंचे पीछे से आ रही एक बाइक पर स्वर तीन उचक्कों ने उनकी पत्नी का पर्स छीन लिया। उस पर्स में लगभग सवा लाख रुपये के गहने, मोबाइल और 6 हज़ार रुपये नगद रखे थे। वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँच कर अपाचे मोबाइल ने पीड़ित से घटना की जानकारी ली।
पिता ने कुल्हाड़ी से काटकर की सगे बेटे की हत्या
सोनभद्र के शाहगंज थाना अंतर्गत उमरी कला गांव में पिता ने अपने 18 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी । इस घटना के बाद से ही पुरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है । पुलिस मौके पर पहुंच कर डेड बाड़ी कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भेजा । बताया जा रहा है कि पिता नशे का आदि था और बेटे से जमीनी विवाद कुछ दिनों से चल रहा था जिसके चलते ये हत्या की गयी है । बरहाल पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछ ताछ कर रही है ।
आरपीएफ़ जवानों पर लूट का आरोप
एक पिकअप वैन के ड्राइवर ने दो आरपीएफ जवानों पर लूट का रोप लगाया है। मानीराम का रहने वाला अभिषेक, उसी इलाके के रहने वाले शिवपूजन जायसवाल की पिकअप वैन चलता है। अभिषेक का आरोप है कि रात लगभग 10 बजे जैसे ही वह कौवाबाग रेलवे क्रासिंग पार कर गोरखपुर रेलवे स्टेशन की और बढ़ा, आरपीएफ़ के दो जवानों ने उसे रोका और मारपीट कर उसके पास रखे 50 हज़ार रुपये लूट लिए। अभिषेक के मुताबिक उनमे से एक सिविल ड्रेस में था जबकि दूसरा आरपीएफ की वर्दी पहने था। घटना की सूचना पाकर मोबाइल अपाचे और कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और लूट के शिकार ड्राइवर से घटना के सम्बन्ध में जानकारी ले मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने मौके से आरोपियों की एक साइकिल भी बरामद की है।
गांधी भवन के सुंदरीकरण के लिए विरोध प्रदर्शन
वाराणसी मैदागिन स्थित गांधी भवन के सुंदरीकरण को लेकर क्षेत्रीय नागरिक करेंगे विरोध प्रदर्शन। स्थानीय लोगों की मांग है की नगर निगम के देख रेख में लाखों रूपए का बजट पास होता है लेकिन भवन का रख रखाव ठीक ढंग से नहीं किया जाता है। इसी को लेकर आज जोनल कार्यालय पर छात्रों और व्यपारियों का विरोध प्रदर्शन है। छात्र नेता अजय यादव ने बताया कि जनता आंदोलित है इसी लिए आज प्रदर्शन किया जायेगा।
एक ना हुए तो मौत को गले लगाया
औरैया जिले के दिबियापुर स्टेसन के पास मंगलवार की देर रात एक प्रेमी युगल ने ट्रेन से कट कर अपनी जान दे दी। जानकारी के मुताबिक़ इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के समस्तपुरा गाँव के निवासी महेश चंद्र का 30 वर्षीय बेटा कपिल बीए अंतिम वर्ष का छात्र था, कपिल अपने ही कॉलेज में पढ़ने वाली बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा साधना से प्यार करता था, दोनों ने एक दुसरे के साथ शादी करने का फैसला कर लिया था, मगर ये शादी दोनों के परजनो को मंजूर नहीं था। परिवार वालो का बढ़ता विरोध देख दोनों प्रेमी युगल 11 मई को कॉलेज से भाग गए, जिनकी मंगलवार की सुबह दिबियापुर स्टेसन के पास क्षत-विक्षिप्त लाश मिली, शव को देख लोगो ने इसकी सुचना पुलिस को दी, पुलिस ने दोनों का शिनाख्त कर इसकी सूचना इनके परिजनों को दी, पुलिस के मुताबिक़ कपिल के जेब से 3800 रुपये, बिंदी, सिन्दूर और मंगल सूत्र मिले। पुलिस ने सारे सामान लड़के के पिता को सौप दी।
जेल गए कम्हरिया घाट सत्याग्रहियों को मिली जमानत
मंगलवार को बीती 29/30 अप्रैल की रात गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से गिरफ्तार कर जेल भजे गए 7 सत्याग्रहियों को स्पेशल जज की कोर्ट से जमानत मिल गयी। इन सत्याग्रहियों के ऊपर पब्लिक प्रॉपर्टी को क्षति पहुंचाने, हत्या का प्रयास, आत्महत्या का प्रयास और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट जैसी एक दर्जन धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान स्पेशल जज एसपी मिश्र ने टिपण्णी करते हुए कहा कि जैसा कि एफ़आईआर में भी लिखा है कि मामला सत्याग्रह का है, ऐसे में सत्याग्रहियों के ऊपर कोई आपराधिक मामला नहीं बनता है। बताते चलें कि बीते अप्रैलमहीने में गोरखपुर और अम्बेडकरनगर की सीमा पर स्थित कम्हरिया घाट के स्थानीय निवासियों ने पक्के पुल के निर्माण को लेकर जल सत्यग्रह किया था। इस दौरान सत्याग्रहियों और पुलिस के बीच झड़प हो गयी थी जिसमे कई अधिकारी और सत्याग्रही घायल हो गए थे।
वाराणसी सेंट्रल जेल का कैदी अस्पताल से फरार
वाराणसी के सेंट्रल जेल का कैदी सलीम आज देर दोपहर दिन दयाल हॉस्पिटल से फरार हो गया । प्रशासन में मचा हडकंप। जेलर संजीव ने बताया कि सलीम 2006 में लखनऊ से वाराणसी जेल आया था। 25 तारीख को सीढियों से गिरने की वजह से उसके कुल्ल्हे की हड्डी टूट गयी थी। इसकी वजह से उसे दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कानपुर के हर जोन में बनेगा वेडिंग हॉल
कानपुर प्रशासन शहर के सभी जोन में बनवायेगा वेडिंग स्थल, इसके लिए कानपुर नगर आयुक्त एन के एस चौहान ने शहर के सभी जोनल अधिकारिओ को अपने अपने जोन में वेडिंग स्थल खोजने के आदेश दिए है, साथ ही कहा है की ये काम एक हफ्ते के भीतर पूरा हो जाना चाहिए, नगर आयुक्त ने कहा कि जो स्थान जोनल अधिकारी चिन्हित करेंगे, उस जगह को ट्रैफिक विभाग के अधियासी अभियंता सत्यापित करेंगे, ताकि वेडिंग स्थल पर पार्किंग की भी सुविधा उचित हो सके।
नहर में मिला नवजात शिशु और महिला का शव
कानपुर के पनकी थाना अंतर्गत आवास विकास फेज तीन में नहर के अन्दर एक तीस वर्षीय महिला और एक नवजात शिशु का शव मिला, मौके पर मौजूद लोगो का कहना है की ये दोनों लाश नहर में बह कर आई है, क्योकि ये दोनों को इस इलाके के नहीं है, उधर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, पुलिस के अनुसार महिला का शव करीब तीन दिन पुराना है, और नवजात शिशु को देख एसा लग रहा है कि जन्म लेते ही इसकी मौत हो गयी, जिसके बाद परिजनों ने इसे नहर में बहा दिया है, एक साथ दो शव मिलने से इलाके में चर्चा गर्म हो गयी है, अब पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है, अभी ये भी साफ़ नहीं हो पाया है कि शिशु और महिला माँ बेटे तो नहीं है। अब ये सारे तथ्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पायेगा।
नौटंकी देखने गयी आठ साल की बच्ची के साथ बलात्कार
घटना लखनऊ के सफेदाबाद के निकट कोतवाली देवा क्षेत्र के माती पुलिस चौकी इलाके के सर्सौन्दी गांव की है। यहां पर एक ईंट भट्ठे पर कम करने वाले पृथ्वीपाल की आठ साल की बच्ची ने रात में अपनी मां से नौटंकी देखने की ज़िद की पर घर से निकल गयी। देर रात जब बच्ची घर नहीं लौटी तो उसके पिता ने खोज बिन शुरू कर दी। लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह कुछ लोगों ने एक बच्ची की लाश देखी तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को नग्न अवस्था में मृत पाया और पोस्टमार्टम के बाद बलात्कार के बाद हत्या की पुष्टि हो गयी।
एक चिंगारी से दो ट्रक स्वाहा
कानपुर के गड़ेडियन पुरवा इलाके में वेल्डिंग करते समय ट्रक में आग लग गयी, जब तक लोग कुछ समझते ट्रक पूरी तरह से आग की चपेट में आ गया, देखते ही देखते वह कड़ी दूसरी ट्रक में भी आग पकड़ लिया, प्रत्यक्षदर्सिओ की माने तो, वहा एक लाइन से करीब एक दर्जन ट्रक खड़े थे और सैकड़ो टायर रखे रखे थे, मगर फायर स्टेसन पास में होने की वजह से तीन दमकल की गाडिया तुरंत मौके पर पहुँच गयी और आग पर काबू पा लिया।
बसपा विधायक ने रोडवेज ड्राइवर को पीटकर किया अगवा
गोरखपुर के चौरीचौरा से विधायक जय प्रकाश निषाद ने अपनी दबंगई दिखाते हुए पहले एक रोडवेज बस चालक को पीटा फिर उसे अगवा करके अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही राप्तीनगर बस डिपो के कर्मचारियों ने रास्ता जामकर हंगामा शुरू कर दिया। मामले को बिगड़ता देख विधायक खुद ही ड्राइवर को लेकर कैंट थाने पहुँच गए। बताया जा रहा है कि संविदा चालाक अनिरुद्ध शुक्ला राप्तीनगर डिपो की बस दोहरीघाट से लेकर आ रहा था और छात्रसंघ चौराहे पर सवारी उतारने लगा। इसी बीच पीछे से विधायक अपनी गाडी से शहर के तरफ आ रहे थे। बस से रास्ता रुका देख विधायक और उसके गुर्गों ने ड्राइवर को बस से खींचकर उतार लिया और राइफल के बट से वार करने लगे। बस कंडक्टर द्वारा सूचना दिए जाने के बाद से रोडवेज कर्मी रास्ता जामकर विधायक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
18 दिन से लापता मोनू का नहीं मिला अभी तक कोई सुराग
कानपुर देहात के सिकन्दरा थाना इलाके के दोहरापुर गांव के रहने वाले लज्जा शंकर का 12 वर्षीय बेटा मोनू पिछले 18 दिन से लापता है, मोनू की तलाश के लिये पूरे परिवार ने हर मुमकिन कोशिस की मगर मोनू का कोई पता नही लग सका, लिहाजा पुराने विवाद के चलते गांव के दबंग नीलू पर शक जाहिर कर परिजनों ने थाने में रिपोर्ट भी लिखवा दी, मगर पुलिस ने अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की है, उधर दबंग नीलू को जब इस बात की जानकारी लगी तो नीलू ने लापता मोनू के परिजनों को घमकिया देना शुरू कर दिया है, बहराल 18 दिन गुजर जाने के बाद भी मोनू कहा है किस हाल में है किसी को नही पता वही पुलिस ने महज गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर चुकी है, अब परेशान परिजन पिछले तीन दिन से एस पी से मिलाने की कोसिस कर रहे है, मगर अभी तक परिजनों की मुलाक़ात एस पी साहब से नहीं हो पायी है।
लखनऊ के चिनहट इलाके में लगी आग लाखों का मॉल स्वाहा
लखनऊ. चिनहट में एक साफ्ट ड्रिंक के गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में हडकंप मच गया। आनन-फानन में दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी गयी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश में जुट गई हैं। आग लगने की वजह पता नहीं चल पाई है। लाखों का सामान जल खाक हो गया है।
भाग रहे पशु तस्करों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा
गोरखपुर पुलिस ने बहराइच से पश्चिम बंगाल काटने के लिए ले जाए रहे 27 बैलों सहित 2 पशु तस्करों को पकड़ा है। आज सुबह किसी ने आईजी जोन जकी अहमद को पशु तस्करी की सूचना दी थी। आईजी के निर्देश पर एसपी सिटी परेश पाण्डेय ने खोराबार क्षेत्र थानाक्षेत्र गोरखपुर- कुशीनगर हाईवे पर शुरू कर दी। पुलिस को देखकर पशु तस्कर भागने की कोशिश करने लगे। लगभग 10 किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने इन्हें चौरीचौरा थानाक्षेत्र के सोनबरसा बाजार के पास अब्दुल और शाने अली को बैलों सहित गिरफ्तार किया। इन तस्करों का एक साथी भागने में कामयाब रहा।
प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी 15 दिन छुटटी पर
प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी 15 दिन छुटटी पर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी अपनी निजी यात्रा पर अमेरिका जा रहे हैं। पता चला है कि उनकी बेटी कोलम्बिया विश्वविद्यालय, न्यूयार्क में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है, जिन्हें 22 मई को विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ग्रेजुएशन सेरेमनी में डिग्री दी जानी है। जावेद उस्मानी उसी समारोह में परिवार सहित हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह 15 मई से 31 मई तक अवकाश पर रहेंगे, इस दौरान मुख्य सचिव पद का कार्यभार प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक रंजन के पास रहेगा।
सतर्कता, सीबी-सीआईडी, ईओडब्ल्यू- शासन से मुक्त कराने को पीआईएल
सामाजिक कार्यकर्ता अमिताभ ठाकुर और डॉ नूतन ठाकुर द्वारा उत्तर प्रदेश के विभिन्न अन्वेषण एजेंसियों- सतर्कता अधिष्ठान, सीबी-सीआईडी, आर्थिक अपराध अनुसन्धान संगठन (ईओडब्ल्यू), एसआईबी को-ऑपरेटिव तथा भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की जांच प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश सरकार के नियंत्रण को समाप्त किये जाने के सम्बन्ध में आज इलाहाबाद हाई कोर्ट, लखनऊ बेंच में पीआईएल दायर की है. याचिका में कहा गया है कि अपराधों का अन्वेषण और इनकी जांच दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के अनुसार की जाती है. सीआरपीसी में आपराधिक विवेचना का पूरा दायित्व और पूरे अधिकार अन्वेषण अधिकारी और उसके वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हैं. जांचकर्ता अधिकारी से यह अपेक्षा की जाती है कि वह विवेचना करके उसके परिणाम से सीधे न्यायालय को अवगत कराएगा. इसके विपरीत उत्तर प्रदेश में सतर्कता अधिष्ठान शासन के सतर्कता विभाग और सीबी-सीआईडी, ईओडब्ल्यू, एसआईबी तथा एसीओ गृह विभाग को अपनी जांच आख्या सौंपते हैं और वे ही इन पर अंतिम निर्णय करते हैं.
अगवा करने आए परिहार गैंग का सदस्य गिरफ्तार
आगरा में ज्वाला टॉकिज के मालिक के पौत्र रोनित मल्होत्रा का अपहरण करने आए अपराधी को पुलिस ने पकड़ा है। अपराधी जीतू उर्फ जीतेंद्र बंटी परिहार गैंग का सदस्य है। गैंग के अन्य सदस्य फरार हो गए। यह गैंग की योजना रोनित को अगवा कर एक करोड़ रुपया फिरौती लेने की थी। फिरौती मिलने के बाद हत्या करने करने की योजना थी। अपराधी को एसटीएफ ने पकड़ा है।
मथुरा पुलिस ने 3 करोड़ की मूतिर्या पकड़ी
मथुरा के थाना हाईवे व क्राइम ब्रान्च की संयुक्त पुलिस टीम ने सत्यनगर कालोनी के अर्धनिर्मित मकान में दबिश देकर एक मूर्ति तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पेम सिंह के कब्जे से पुलिस ने सीता माता की मूर्ति वजन 5 कुन्तल, कुबेर की मूर्ति वजन 1.5 कुन्तल, गणेश की मूर्ति वजन 1.5 कुन्तल व 1 तमंचा 315 बोर, 3 जीवित कारतूस बरामद किया है। बरामद मूर्तियों की कीमत 3 करोड़ रूपये है। पुलिस के अनुसार ये मूर्तियों को जिला जोधपुर के कस्बा उसिया में स्थित प्राचीन मन्दिर से चुराकर लाये थे।
लाइसेंसी बंदूक के साथ 2 गिरफ्तार
शाहजहांपुर की थाना खुदागंज पुलिस ने 2 अभियुक्तों बृजेश और रमनपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 लाईसेन्सी 12 बोर बन्दूक और कारतूस बरामद किए हैं।
हाथरस में गेस्ट हाउस में महिला को लूटकर मार डाला
हाथरस के श्रीराम गेस्ट हाउस में हाथ पैर बंधा हुआ 65 वर्षीय महिला का शव मिला है। वह यहां शादी समारोह में शामिल होने आई थी। उसके सारे गहने गायब हैं। उसका शव बाथरूम में मिला। पुलिस के मुताबिक मामला लूट का है। हालांकि स्थानीय लोगों ने शव की स्थिति देखते हुए बलात्कार की भी आशंका जताई है।
पेट्रोल पंप में भीषण आग
गाजीपुर के सादात गांव के पास टैंकर और पेट्रोल पंप में लगी भीषण आग। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर कई फायर ब्रिगेड के गाड़ियां रवाना। ग्रामीण लगातार कर रहे हैं आग को बुझाने का प्रयास। आग इतनी भीषण है की फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां वाराणसी से भी भेजी जा रही हैं। वाराणसी फायर ब्रिगेड ऑफिस के मुताबिक आग पेट्रोल पंप में लगी है। दो गाड़ियां मौके पर यहां से भेज जा रहा है। गर्मी और हवा तेज चलने की वजह से आग पर काबू पाने में दिक्कत हो रही है।
विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों से अभद्र व्यवहार पर विरोध प्रदर्शन
वाराणसी में द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख बाबा विश्वनाथ के दरबार में आये दिन सुरक्षाकर्मियों और दर्शनार्थियों के बीच नोंक-झोक होते रहती है। इसी को लेकर शिव सेना के लोगों ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। शिव सेना के शहर उत्तरी प्रमुख राजकुमार ने बताया कि अक्सर सुरक्षा कर्मी दर्शनार्थियों से अभद्र व्यवहार सुरक्षा के नाम पर करते हैं। जबरदस्ती उनकों परेशान किया जाता है। स्थानीय नागरिक जब इसका विरोध करते हैं तो सुरक्षा कर्मी उनके साथ भी बदसलूकी करते हैं।
आगरा में एक्सप्रेस वे पर लगाया जाम
आगरा में युवक को पीटे जाने और पुलिस कार्रवाई न होने के विरोध में मंगलवार को लोगों ने यमुना एक्सप्रेस वे जाम कर दिया। इससे करीब आधे घंटे तक एक्सप्रेस वे पर यातायात बाधित हो गया था। हालांकि एक्सप्रेस वे प्रबंधन हंगामे वाले इलाके से पहले खंदौली से वाहनों को आगरा की ओर मोड़ दिया। इससे वाहनों को ज्यादा दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। हंगामा कर रहे लोगों के मुताबिक भागीरथ नामक युवक को दबंगों ने जबरदस्त पिटाई कर दी थी। वह अस्पताल में भर्ती हैं। बाद में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया तब जाम खत्म हो सका।
बहराइच में सराफा से लूट
बहराइच में पयागपुर के खुडोना चौकी के पास बाइक सवार बदमाशों ने सराफा व्यापारी को लूटा। असलहे के दम पर व्यापारी से आभूषण और बाइक लूटकर फरार हुए लुटेरे।
शहीदों को सम्मान दिलाने के लिए निकाली रैली
अल हिंद पार्टी ने मंगलवार की सुबह शहीदों को सम्मान दिलाने की मांग को लेकर रैली निकाली। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से मंडलायुक्त कार्यालय तक रैली में शहीदों की गाथा के गीत गाए गए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगरा के शहीदों के परिवार के सदस्यों की हालात पर चिंता जताई और राहत देने की अपील की।
बस में विकलांग महिला के साथ दुराचार
लखनऊ से अंबेडकर नगर जा रही युवती के साथ बस के मालिक के बेटे ने केसरबाग बस अड्डे के पास विकलांग युवती को डरा धमका कर दुराचार किया और जिसकी शिकायत युवती ने कैसरबाग थाने में की है मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कर जांच सीओ कैसरबाग लखनऊ को सौंप दी है। महिला को एक निजी अस्पताल में दाखिल कर इलाज करवाया जा रहा है।
बीएचयू SC/ST सेल के चेयरमैन बने प्रो. लालचन्द प्रसाद
बीएचयू में अनुसूचित जाति व जनजाति के प्रोफेसरों, कर्मचारियों और छात्रों के लिए तीन स्तरीय एससी-एसटी सेल का गठन किया गया है। कुलपति डा. लालजी सिंह के आदेश पर यूनिवर्सिटी, फैकेल्टी व विभाग स्तर पर गठित सेल में अनुसूचित जाति व जनजाति के वरिष्ठों को ही प्रमुख स्थान दिया गया है। यूनिवर्सिटी स्तर पर बने एससी एसटी सेल के निदेशक कृषि विज्ञान संस्थान के प्रो. लालचन्द प्रसाद को बनाया गया है।
विनय कटियार के भतीजे की रहस्मय मौत।
कानपुर थाना बिल्हौर इलाके के दादिखा मऊ गावं निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार के भतीजे राजेश कटियार की जहरीला पदार्थ खाने से संदिग्ध हालातो में मौत हो गई, मगर परिजनों के अनुसार राजेश को खेत में बेहोशी की हालत में पाया गया था, हो सकता है उन्हें किसी जहरीले सर्प ने काट लिया हो, परिजन राजेश को कानपुर के निजी अस्पताल लेकर आये जहाँ इलाज के दौरान मौत हो गई । शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया।
नेपाल की जेल से भागे खूंखार कैदियों के चलते सीमा पर चौकसी बढ़ी
रविवार की रात नेपाल के रोल्पा डिस्ट्रिक्ट जेल से आठ खूंखार अपराधियों के चलते इंडो नेपाल बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गयी है। जेल से भागे आठ कैदियों में से तीन को नेपाल पुलिस ने कोठापेट में पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। नेपाल पुलिस को शक है कि शेष फरार अपराधी भारतीय सीमा में प्रवेश कर सकते हैं। नेपाल पुलिस ने इस बाबत एसएसबी और बॉर्डर से लगे यूपी के जिलों की पुलिस को अलर्ट किया है। नेपाल में बॉर्डर की तरफ नेपाली पुलिस ने अपनी गश्त बढ़ा दी है जबकि बॉर्डर के इधर एसएसबी और यूपी पुलिस चौक्कनी होकर बॉर्डर पर अपनी निगाह बनाये हुए है।