झांसी. महिला ग्राम प्रधान द्वारा आत्महत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। महिला ग्राम प्रधान के साथ कुछ दिन पहले ही पति के चचेरे भाई ने रेप किया था। इससे आहत और मानसिक तनाव में आकर महिला ग्राम प्रधान ने आत्महत्या कर ली। आरोपी के खिलाफ रेप की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अभी फरार है। उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कराने के आदेश दिए गए हैं।
बताते चलें कि झांसी से करीब 50 किलोमीटर दूर लहचूरा थानाक्षेत्र के ग्राम शीहपुरा की महिला ग्राम प्रधान बिट्टा देवी पत्नी गजेंद्र सिंह ने गुरुवार देर रात आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के कारणों का पता नहीं चल पा रहा था।
छानबीन में हुआ खुलासा
पुलिस द्वारा छानबीन करने पर पता चला कि बिट्टा देवी के पति गजेंद्र सिंह के चचेरे भाई यानी उसके देवर गुड्डू ने कुछ पहले ही उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया था। यह बात उसने अपने पति को भी बताई थी, लेकिन मामला घर का ही होने के कारण मामला दब सा गया। पुलिस से शिकायत भी नहीं की गई। लगभग सात दिन पहले हुई इस घटना से महिला ग्राम प्रधान आहत थी। इसलिए उसने गुरुवार को देर रात खुद को किचन में बंद कर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद पति ने रेप की घटना का खुलासा किया।
महिला के पति ने दी तहरीर
शनिवार को महिला के पति गजेंद्र सिंह द्वारा तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अपने चचेरे भाई गुड्डू के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर बलात्कार की धारा के साथ ही आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत भी मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी शिवसागर सिंह ने बताया कि आरोपी अभी फरार है। उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कराने के आदेश दिए गए हैं।
फोटो: लहचूरा थानाक्षेत्र ग्राम शीहपुरा, यहीं की निवासी थी महिला ग्राम प्रधान।