सीतापुर/लखनऊ. आमजन की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली खाकी अब खुद भी महफूज नहीं रही। सोमवार रात महमूदाबाद कोतवाली परिसर में बने पांच एसआई कक्ष और आरक्षी बैरकों में चोरी हो गई। बेखौफ चोरों ने ताला तोड़कर तीन दरोगा और दो आरक्षियों के बक्सों से करीब 40 हजार रुपए की नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। खाली बक्से रात करीब तीन बजे कोतवाली के अंदर गलियारे में पड़े मिले। इस घटना से कोतवाली में हड़कंप मचा हुआ है।
सोमवार रात करीब 12 से दो बजे के बीच बेखौफ चोरों ने कोतवाली महमूदाबाद के कार्यालय के उत्तर में बनी आरक्षी बैरक के पांच कमरों का ताला तोड़ दिया। चोरों ने कमरों में रखे पांच बक्सों की कुंडी तोड़कर उसमें रखी करीब 40 हजार रुपए की नकदी, एक सोने की अंगूठी, टॉर्च और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरों ने दरोगा रामबक्श सिंह के कमरे से पांच हजार की नकदी और कपड़े एसआई अरविंद सिंह के कमरे से नकदी और कागजातों से भरा बैग, एसआई का प्रमोशन पा चुके दीवान राममनोहर गौतम के कपड़े, दीवान अशोक वर्मा की 25 हजार रुपए की नकदी और सोने की अंगूठी, आरक्षी योगेंद्र कुमार की छह हजार रुपए की नकदी, टॉर्च और कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया।
रात करीब ढाई बजे एसआई अरविंद सिंह गश्त कर अपने कोतवाली स्थित कमरे पर लौटे। वहां कमरे का ताला खुला देख वह सकते में आ गए। वे कमरे के अंदर पहुंचे तो बिखरा सामान और पांच कमरों के टूटे ताले देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अशोक वर्मा दीवान, दिनेश वर्मा होमगार्ड को मौके पर बुलाया। दरोगा राम बक्श सिंह को फोन करके चोरी होने की सूचना दी।
रामबक्श सिंह एसआई और आरक्षी रविकांत पटेल भागकर मौके पर पहुंचे। उन्हें कोतवाली के अंदर उत्तरी गली के पास कुंडी टूटे हुए बक्शे पड़े मिले। उन्हें आनन-फानन में उठाकर बैरकों में रखा गया। कोतवाली के पांच कमरों का ताला तोड़कर हुई चोरी की गंभीर घटना से पुलिसकर्मी हैरान हैं। पुलिस अपनी फजीहत बचाने के लिए घटनाओं पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है।
कोतवाली की फाइल फोटाे।