झांसी. पांच हजार के इनामी बदमाश ने दो लोगों का सरेआम अपहरण कर लिया। इसके बाद इनकी जमकर पिटाई की। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी इनामी बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जाता है।
बता दें कि यह वही इनामी बदमाश है, जिसने कुछ महीने पहले झांसी के एक प्रतिष्ठित नेता और राज्यसभा सांसद को सम्मानित किया था। सार्वजनिक मंच पर राज्यसभा सांसद को सम्मानित किए जाने पर काफी हंगामा भी हुआ था। उस पर हत्या, लूट और अपहरण के कई मामले दर्ज हैं। उसकी पहुंच ऊपर तक होने के कारण कोई उसके खिलाफ बोल तक नहीं पाता। पुलिस भी कार्रवाई करने से हिचकती है।
झांसी से करीब 60 किलोमीटर दूर रानीपुर निवासी भारत सिंह और मुकेश सिंह अपनी कार से कस्बे में ही थे। पीड़ित भारत सिंह के अनुसार इसी दौरान रानीपुर में ही रहने वाले पांच हजार के इनामी बदमाश लेखराज सिंह यादव ने उन्हें और मुकेश सिंह का अपहरण कर लिया। उनके अनुसार लेखराज सिंह यादव और उसके गुर्गों ने दोनों की पिटाई की। भारत सिंह के अनुसार उसे इतना पीटा कि बंदूक की बट टूट गई। पिटाई के बाद उसे छोड़ दिया, जबकि मुकेश का अभी भी कुछ पता नहीं है।
पीड़ित किसी तरह घर पहुंचा। यहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल झांसी में भर्ती कराया गया। मउरानीपुर एसओ विक्रम सिंह के अनुसार, पीड़ित ने तहरीर दी है। इसके बाद आरोपी
के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। उनका कहना है कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो: जिला अस्पताल में भर्ती बदमाश के चंगुल से छूटा व्यक्ति।