अलीगढ/लखनऊ. अलीगढ़ में ऐसा पहली बार हुआ है जब कोर्ट ने थाने को ध्वस्त करने के आदेश दिए हो। अतरौली तहसील के पाली मुकीमपूर थाने को जिला कोर्ट ने ध्वस्त करने के आदेश जारी किए है। ऐसा जमीन पर अवैध कब्जा हटाने को लेकर किया गया है। कोर्ट के आदेश मिलने के बाद अब थाने को ध्वस्त करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी।
मामला 21 साल पुराना है। साल 1983 में पाली गांव के तीन किसानों ने 21 बीघा जमीन पट्टे पर ली थी। तभी शासन ने पाली मुकीमपुर को थाना बनाने की संस्तुति की। उस दौरान इस जमीन पर पुलिस ने पहले खेल का मैदान बना कर कब्जा किया। बाद में इसको थाने के भवन में तब्दील कर दिया। इससे नाराज किसानों ने कोर्ट का सहारा लिया। अब 21 साल बाद किसानों को न्याय मिला है। इससे उनके चेहरे पर खुशी है।
पुलिस ने बनाया खेल का मैदान
अतरौली तहसील के थाना पाली मुकीमपुर गांव निवासी बाबू लाल, फूल सिंह और प्रेम सिंह के नाम 1983 में ग्राम सभा की 21 बीघा जमीन पट्टे पर आवंटित हुई थी। उन्हें जमीन पर कब्जा भी ले लिया था। कुछ दिन बाद दस्तावेजों में नाम भी चढ़ा दिए गए। तीनों किसानों ने इस जमीन पर खेती करनी शुरू कर दी। उनके मुताबिक, जमीन के आवंटन के करीब नौ साल बाद शासन से पाली मुकीमपुर थाना बनाने के आदेश आ गए। पुलिस ने धीरे-धीरे जमीन पर कब्जा करना शुरू कर दिया। इसके बाद साल 1994 में यहां पर पुलिस ने खेल का मैदान बना लिया।
27 अक्टूबर 1994 को कोर्ट में किया दावा
किसानों ने इसका विरोध किया, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। बाद में उन्होंने कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। 27 अक्टूबर 1994 को कोर्ट में दावा डाला गया। 2003 में कार्यवाहक तहसीलदार और थाना अद्यक्ष ने पुलिस बल का प्रयोग कर किसानों की जमीन पर लगी बाउंड्री तोड़ दी और थाने के भवन का निर्माण करा दिया। किसानों ने इसकी शिकायत जिले के आला-अधिकरियों से की, लेकिन उनकी एक नहीं चली। अधिकारियों ने भी अपने विभाग का पक्ष लिया।
लंबी लड़ाई के बाद मिला न्याय
कानूनी लड़ाई पर भरोसा कर किसानों ने कोर्ट में अपना पक्ष रखा। लंबी लड़ाई के बाद सिविल जज अनिल कुमार ने किसानों के पक्ष में फैसला सुनाया है। उन्होंने अपने आदेश में कहा कि 12 नवंबर 1999 के आदेश की अवहेलना और वादी की आपत्ति के बावजूद थाने का निर्माण किया गया है। ऐसे में अवैध कब्जे को हटाने के लिए कोर्ट थाने को ध्वस्त करने का आदेश देती है। देहात अमीन इसकी आख्या कर संबंधित प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करे।
फोटो: कोतवाली पाली मुकीमपुर, अलीगढ़।