फतेहपुर. जिले में ताबड़तोड़ हो रही हत्या, लूट, डकैती और दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध को पुलिस रोक पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित होती जा रही है। अपराधी पुलिस को हर कदम पर चुनौती देकर घटना को अंजाम देने दे रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार शाम बिंदकी कस्बा में दो जगह असलहों से लैस तकरीबन एक दर्जन बदमाशों ने ग्राम पंचायत अधिकारी और जल निगम कर्मचारी के घर धावा बोल लाखों रुपए के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने आधा दर्जन लोगों को मार-पीटकर लहूलुहान कर दिया।
गंभीर रूप से घायलों को बिंदकी सीएचसी लाया गया, जहां से सभी को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस काफी देर से पहुंची। जल निगम कर्मचारी के घर से बदमाशों ने दो तोले का मंगलसूत्र, दो तोले की कान की बाली और ढाई तोले की सोने की चेन लूटकर ले गए।
बदमाशों ने पीट-पीटकर घरवालों को कर दिया बेहोश
जानकारी के अनुसार, बीती रात लगभग डेढ़ बजे असलहों से लैस एक दर्जन बदमाशों ने ललौली रोड स्थित जल निगम कर्मचारी विनोद कुमार के घर में सीढ़ी लगाकर छत के सहारे प्रवेश किए। विनोद की पत्नी सुषमा (50), पुत्र मोहित (23) और अर्पित (15) को सरिया और बंदूक की बटों से पीट-पीटकर बुरी तरह घायल कर बेहोशी की हालत में पहुंचा दिया। इसके बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर बदमाशों ने दो तोले का मंगलसूत्र, दो तोले की कान की बाली और ढाई तोले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
ग्राम पंचायत अधिकारी के घर भी डाला डाका
शोर मचाने पर बदमाश कस्बा के ही बराती नगर इलाके की ओर भागे। वहां उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी राम मनोहर के घर बाउंड्री फांदकर अंदर घुस गए। उसी समय राम मनोहर लघुशंका कर आ रहे थे। जिसे बदमाशों ने बंधक बना लिया। इसके बाद उनकी पत्नी रामदेवी और पुत्री शालू को गंभीर रूप से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। तभी आहट पाकर छत पर सो रहा राम मनोहर के भतीजा मोहित ने शोर मचा दिया। इसके बाद पड़ोसियों की नींद खुल गई। जब तक पड़ोसी घेराबंदी करते बदमाश फरार हो गए।
फाइल फोटो