झांसी. बुंदेलखंड महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष के भाई की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पिता-पुत्र हैं और झांसी के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी से पहले दोनों भागने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। इनमें से एक तमंचे को हत्या में इस्तेमाल किया गया था।
नवाबाद थाना प्रभारी रामभजन सिंह यादव के मुताबिक, दोनों को जेल भेज दिया गया है। दो दिन पहले ही झांसी स्थित बुंदेलखंड महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह यादव के छोटे भाई देवेंद्र सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। हत्या के बाद छात्र संघ अध्यक्ष द्वारा नवाबाद थाना में रोहित यादव और चाहत यादव सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों झांसी के गुमनावारा इलाके के रहने वाले थे। पुलिस ने उन्हें शिवाजी इलाके के पिछोर से गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या से फैल गया था तनाव
देवेंद्र यादव की हत्या के बाद छात्रसंघ अध्यक्ष के समर्थकों में आक्रोश फैल गया था। किसी बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस महकमा पूरी तरह से सतर्क हो गया था। इसी का नतीजा था कि समर्थकों का गुस्सा बवाल के रूप में सामने नहीं आ पाया था। बता दें कि छात्रसंघ अध्यक्ष के भाई की चाहत यादव से पुरानी रंजिश चल रही थी।
दो दिन पहले देर रात वह गुमनावारा में गाड़ी से गया था। इसी दौरान चाहत और उसका पिता रोहित यादव भी सामने से आ रहे थे। गाड़ी हटाने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद दोनों ने मिलकर देवेंद्र को गोली मार दी। इलाज के दौरान देवेंद्र की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी।
फोटो: पुलिस की गिरफ्त में आये हत्यारोपी पिता और उसका बेटा।