फोटो: एटीएस की गिरफ्त में फर्जी तरीके से परीक्षा देने आया संजय विश्नोई।
झांसी. दूसरे अभ्यर्थी की जगह पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए एक मुन्नाभाई सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह सफलता राजस्थान एटीएस ने झांसी आकर यह हासिल की। इनमें से एक परीक्षा दे रहा था, जबकि अन्य चार उसके साथ थे। पकड़े गए आरोपी के अनुसार वह राजस्थान के जालौर जिले के कोमलगढ़ तहसील में पटवारी के पद पर कार्यरत है। परीक्षा के एवज में उसे 2 लाख रुपये मिलने थे। राजस्थान एटीएस ने सटीक सूचना के बाद यहां छापा मारा और परीक्षा देने आए मुन्नाभाई सहित पांच को दबोच लिया। ये सभी जोधपुर से 250 किलोमीटर दूर पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित एक गांव के रहने वाले हैं।
झांसी एसएसपी शिवसागर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सूचना है कि यहां परीक्षा देने कुछ और भी लोग आए थे। पुलिस और एटीएस छानबीन कर अन्य आरोपियों को तलाशने में जुटी है। फिलहाल इन पांचों के खिलाफ नवाबाद थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।
बताते चलें, रविवार को पुलिस भर्ती परीक्षा हो रही थी। झांसी के वीरांगना झलकारी बाई इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां मथुरा निवासी अजीत पुत्र अमित कुमार को भी परीक्षा देनी थी, लेकिन वह खुद परीक्षा देने नहीं आया। लाखों रुपए वसूल अभ्यर्थी की बजाय खुद देने वाले राजस्थान के एक गिरोह से उसने संपर्क किया। इस गिरोह द्वारा संजय विश्नोई पुत्र सिंह रामा राम को अजीत की परीक्षा दिलाने के लिये राजस्थान से यहां लाया गया। अजीत के प्रवेश पत्र पर अपना फोटो लगाकर वह परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया। वह यूपी 85 एल6465 नंबर की स्कॉर्पियो से परीक्षा केंद्र पहुंचा। वह परीक्षा देने चला गया और उसके साथ आए चार अन्य बाहर उसका इंतजार करने लगे।
इसी बीच राजस्थान की एंटी टेरिरिज्म स्क्वॉयड एटीएस की टीम ने इस परीक्षा केंद्र पर छापा मार दिया और मथुरा के अजीत के स्थान पर परीक्षा दे रहे संजय विश्नोई को दबोच लिया। इसके साथ एटीएस ने बाहर स्कॉर्पियो में बैठे इसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
आगे पढ़िए पाकिस्तान बॉर्डर के पास रहने वाले हैं सभी...