बहराइच. देहात कोतवाली थानाक्षेत्र में स्थित कस्तूरबा बालिका स्कूल के बाथरूम में नहाने गई एक छात्रा की करंट लगने से मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, रानीपुर थानाक्षेत्र के मझऊवा गांव निवासी भगवानदीन की 15 वर्षीय पुत्री रिंकी पाल देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के हरिहरपुर रैकवारी गांव में कस्तूरबा बालिका स्कूल में पढ़ती थी। बताया जाता है कि रोज की तरह रिंकी स्कूल में बने बाथरूम में नहाने गई थी कि अचानक थोड़ी देर बाद बाथरूम से चीख की आवाज सुनाई पड़ी। चीख सुनते ही स्कूल में मौजूद कर्मचारी बाथरूम में पहुंचे तो देखा कि छात्रा बेहोश पड़ी थी। आनन-फानन में परिजनों को सूचना देकर छात्रा को जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया।
छात्रा की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जब इस संबंध में देहात कोतवाल डॉ. डीएन सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि छात्रा बाथरूम में नहाने गई हुई थी। इस दौरान उसे बाथरूम में लगे टिल्लू पंप से करंट लग गया। इससे छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
फोटो: घटना के बाद अस्पताल के बाहर लगी भीड़।