अलीगढ़. अलीगढ़ के क्वार्सी थानाक्षेत्र में एक शादी में हुई हर्ष फायरिंग से तीन बच्चों की जान पर बन आई। समारोह में आए मेहमानों द्वारा की हर्ष फायरिंग में गोली लगने से तीन बच्चे घायल हो गए। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल हुए बच्चों को तुरंत इलाज के लिए रामघाट रोड स्थित वरूण अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, तब तक फायरिंग करने वाला युवक फरार हो चुका था।
मामला अलीगढ़ के क्वार्सी थानाक्षेत्र के नगला तिकोना इलाके का है। यहां सतीश की शादी इटावा निवासी अखिलेश की बेटी अलका से तय हुई थी। लड़कीवालों ने नगला तिकोना के केशव वाटिका में बारात का आयोजन किया था। करीब 10 बजे वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। स्टेज के पास ही डीजे लगा हुआ था। सभी लोग डांस कर रहे थे।
इस दौरान समारोह में नशे में धुत्त कुछ लोग भी आ गए और अपने तमंचे से फायरिंग करने लगे। इस दौरान एक आदमी से तमंचा लोड करते समय फायर हो गया। तमंचे से निकली गोली सीधे तीन बच्चों के पैरों में जा लगी। गोली लगते ही तीनों बच्चे घायल होकर गिर पड़े। घटना होते ही हर तरफ चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान गोली चलाने वाला युवक भाग निकला।
लोगों ने तुरंत डीजे रुकवाया। साथ ही तुरंत बच्चों को अस्पताल भिजवाया। हर्ष फायरिंग की खबर लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शादी में शामिल हुए मेहमानों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि इस फायरिंग से दूल्हा-दुल्हन भी बाल-बाल बच गए क्योंकि जहां वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था, डीजे उसके बिल्कुल पास में ही था।
घायल बच्चों में लड़की पक्ष की ओर से शामिल हुए नोएडा निवासी राजकिशोर का बेटा अमित (8), चंदनिया का तरूण (12) पुत्र बबलू, सराय दीनदयाल का भगवान स्वरूप पुत्र केशव (8) हैं।
फोटो: अस्पताल के बाहर खड़े घायल बच्चों के परिजन।