अलीगढ़/लखनऊ. आगरा में 60 मुस्लिम परिवारों के
धर्म परिवर्तन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अलीगढ़ में धर्म जागरण समिति हिंदू पंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत साल भर पहले ईसाई और इस्लाम धर्म छोड़ने वालों का स्वागत किया जाएगा। इस पंचायत का आयोजन मथुरा रोड स्थित माहेश्वरी इंटर कॉलेज में होगा। कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ के भी आने की संभावना है।
यह जानकारी धर्म जागरण समिति के क्षेत्र प्रमुख राजेश्वर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पंचायत के तहत बड़े स्तर पर 'धर्म रक्षा यज्ञ' का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पीलीभीत, बरेली, शांहजहांपुर, बदायूं, कासगंज, एटा, हाथरस, आगरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद के लोग शामिल होगें। कार्यक्रम में करीब तीन हजार लोगों के मौजूद रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 'रोटी-बेटी का संबंध' बनाने के लिए पंचायत का आयोजन किया जा रहा है।
आर्य समाज के लोग कार्यक्रम में हवन और यज्ञ करके शुद्धिकरण का काम करेंगे। समिति के क्षेत्र प्रमुख ने कहा कि मुस्लिम सही मायने में हिंदू ही हैं। ऐसे में वे उनकी घर वापसी का पुण्य काम करा रहे हैं। 25 दिसंबर को उनकी घर वापसी होगी। यह दिन शक्ति परीक्षण का दिन होगा।
उन्होंने बताया यदि पुलिस-प्रशासन इस कार्यक्रम करने के लिए संबंधित जगह की इजाजत नहीं देता, तो भी हम खेत या खुले मैदान में इसका आयोजन करेंगे। बहरहाल, पहले राजा महेन्द्र प्रताप की जयंती को लेकर भाजपा ने माहौल गर्म कर दिया था। अब 25 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर मामला गर्माता जा रहा है।
फोटो: राजेश्वर सिंह।