हमीरपुर/झांसी. झांसी के हमीरपुर में एक पति की हैवानियत का मामला सामने आया है। शक के चलते उसने पत्नी पर जानलेवा हमला किया। आरोपी ने धारदार हथियार से उसके नाक और कान काट दिए। उसकी आंखें भी फोड़ दी। इससे वह लहूलुहान हो गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है।
मामला हमीरपुर के राठ कोतवाली क्षेत्र का है। ग्राम पवई में गुरुवार की देर रात यह घटना हुई। बताया जाता है कि आरोपी प्रेमशंकर को अपनी पत्नी माना देवी के चरित्र पर शक था। उसे लगता था कि गैर मर्दों के साथ पत्नी के संबंध हैं। इस बात को लेकर दोनों में झड़प हुई थी। बात बिगड़ने लगी। पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
आरोपी ने उसके कान-नाक के अलावा शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। उसकी आंखें भी फोड़ डाली। इससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। पड़ोस के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपी पति की तलाश में भी दबिश दी जा रही है।
थाना राठ कोतवाली प्रभारी रज्जन लाल त्रिपाठी ने बताया आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, पीड़ित महिला का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, महिला पर हंसिये से हमला किया गया था। इसकी नोक आंख में ज्यादा घुस गई है। इससे उसकी आंख की रोशनी चली गयी है।
प्रतीकात्मक तस्वीर।