फिरोजाबाद. लखनऊ में तैनात आईजी (महिला प्रकोष्ठ) नवनीत सिकेरा के घर से रविवार की रात को चोरों ने वाहनों का टायर और बैटरी चोरी कर ली। वारदात फिरोजाबाद के शिकाहाबाद थानाक्षेत्र के आदर्श नगर स्थित आवास में हुआ। आईजी नवनीत सिकेरा के पिता मनोहर सिंह यादव ने इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद से ही जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, शिकोहाबाद में हाइवे के किनारे आदर्श नगर में आईजी नवनीत सिकेरा का मकान है। रात के समय चोरों ने मकान के बाहरी हिस्से में बने गैराज में घुसकर वहां खड़ी विंगर कार, उनके स्कूल की मिनीबस के कुल पांच टायर और तीन बैटरी चोरी कर ले गए। सुबह इस चोरी का पता आईजी के पिता मनोहर सिंह यादव को लगा। उन्होंने देखा कि विंगर कार और मिनीबस टायर की बजाए ईंट के सहारे खड़ी हैं।
यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद दोपहर को उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना शिकोहाबाद में थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने चोरी हुए टायरों और बैटरी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।
हालांकि, सोमवार की देर रात तक पुलिस चोरों और चोरी हुए टायरों, बैटरी का सुराग नहीं लगा सकी है। इस मामले को लेकर पुलिस में हलचल है। सीओ जगदीश सिंह ने कहा कि चोरों का पता लगाकर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। चोरों का पता लगाने के लिए खासतौर पर पुलिस सक्रिय है।
फाइल फोटो: आईजी नवनीत सिकेरा।