मुजफ्फरनगर/मेरठ. जिला कारागार में प्रधान बंदी रक्षक (सिपाही) चुन्नीलाल को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर रात की है। इससे इलाके में कोहराम मच गया। सिपाही की हत्या के बाद आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। मामले की जांच की जा रही है।
मामला मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र के जिला कारागार का है। हेड कांस्टेबल चुन्नीलाल शर्मा (50 साल) जिला कारागार में प्रधान बंदी रक्षक था। वह ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था। तभी जिला जेल से कुछ दूरी पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद जिला कारागार के बाहर सनसनी फैल गई।
पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। बदमाशों की धर-पकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मृतक कांस्टेबल की हत्या क्यों और किसने की? अभी पुलिस इसकी छानबीन में जुटी है। मृतक मूल रूप से मथुरा का रहने वाला बताया जा रहा है।
फोटो: मामले की तहकीकात करते आलाधिकारी।