झांसी. सोमवार को नवाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गुमनावारा में जुए के अड्डे पर छापा मारने गए पुलिसकर्मियों को मुंह की खानी पड़ी। उन्हें दबंगों ने बंधक बनाकर मुर्गा बना डाला। इसके बाद उन्होंने बरामद किए गए रुपए भी वापस ले लिए। इस दौरान दहशत में आए पुलिस कर्मी किसी तरह यहां से भाग कर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले यूपी के सत्ताधारी दल से जुड़े लोग थे। इस घटना की पूरे शहर में चर्चा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ऐसी किसी भी घटना से इनकार कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गुमनावारा में काफी समय से जुए के अड्डे चलते हैं। सोमवार को भी यहां एक कमरे में जुआ खेला जा रहा था। इसी दौरान नवाबाद थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना मिली। मौके पर चार पुलिस कर्मियों ने तुरंत पहुंचकर छापा मार दिया। ऐसे में जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने पांच युवकों को पकड़ने के साथ ही मौके पर डेढ़ लाख से अधिक रुपए भी बरामद कर लिए। इसी बीच सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ लोग मौके पर चार पहिया वाहनों से पहुंच गए और सिपाहियों पर रौब दिखाना शुरू कर दिया।
एसएसपी ने ऐसी किसी घटना से किया इनकार
बताया जा रहा है कि चारों सिपाहियों ने मामला उल्टा पड़ता देख किसी और कार्य से यहां आने की बात कही, लेकिन उक्त लोगों ने सिपाहियों को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें मुर्गा बनाया। इस घटना के बाद पुलिस कर्मियों द्वारा बरामद किए गए डेढ़ लाख से अधिक रुपए भी छीन लिए। काफी देर तक मुर्गा बने रहे सिपाहियों ने किसी तरह उनके चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि, इस बाबत एसएसपी शिव सिंह ने ऐसे किसी भी घटना से इनकार किया है।
फोटो: कोतवाली नवाबाद।