झांसी. आयकर विभाग की झांसी और लखनऊ की टीम ने टैक्स चोरी के मामले में मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में स्थित नर्सिंग होम में छापा मारा। देर शाम आयकर विभाग की टीम की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। अधिकतर डॉक्टर्स ने अपने नर्सिंग होम के गेट लगा दिए।
शुक्रवार देर शाम करीब नौ बजे आयकर विभाग के झांसी और लखनऊ के अधिकारियों ने नर्सिंग होम्स में छापा मार दिया। इससे यहां हड़कंप मच गया। आयकर विभाग की टीम का मुख्य निशाना प्राइवेट निर्मल अस्पताल रहा। टीम ने अस्पताल में छापा मारने के साथ ही संचालक के आवास पर भी छापा मारा। ये कार्रवाई पूरी तरह गुप्त थी।
झांसी में पदस्थ इनकम टैक्स कमिश्नर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि दूसरे नर्सिंग होम्स के साथ ही निर्मल अस्पताल में टीम ने सर्वे किया है। इसमें जांच के बाद टैक्स चोरी का बड़ा मामला सामने आ सकता है। उनके अनुसार, अस्पताल संचालक पर लाखों रुपए का जुर्माना लग सकता है। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल के बारे में लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
चिरंजीव मेडिकल सेंटर से वसूले गए थे 90 लाख
इससे पहले आयकर विभाग की टीम ने मेडिकल कॉलेज क्षेत्र मे ही स्थित चिरंजीव मेडिकल सेंटर में छापा मारा था। यहां सर्वे में पुलिस ने टैक्स चोरी के मामले में 90 लाख रुपए वसूले थे।
आयकर विभाग बिल्डिंग की फाइल फोटो।