झांसी. प्रेमी के साथ घर से भागी युवती वापस आकर सीधे कोतवाली पहुंच गई। युवती और उसके प्रेमी की बातों से पहले तो पुलिस सकते में आ गई, लेकिन पूरा मामला समझने और एक ही धर्म समाज से होने के कारण पुलिस ने काजी को बुलाकर दोनों को कोतवाली में ही
विवाह करा दिया। इस दौरान युवती के परिजनों को भी बुलाया गया। पुलिस के सामने कोई कुछ नहीं बोल सका।
घटना झांसी से 65 किलोमीटर दूर मउरानीपुर की है। मध्य प्रदेश के खजुराहो निवासी सद्दाम (20) पुत्र सुबराती की बहन सोनम का विवाह मउरानीपुर के अतीक अहमद के साथ हुआ। सद्दाम अक्सर अपनी बहन सुबराती के पास आता-जाता था। इसी दौरान सद्दाम की पहचान उसी मोहल्ले में निवासी रूबी (19) पुत्री इशरार के साथ हुई। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम-प्रसंग हो गया। इसका युवती के घर वालों ने विरोध किया और दोनों के मिलने-जुलने पर प्रतिबंध लगा दिए। इससे परेशान होकर दोनों ने भागने के फैसला कर लिया। कुछ दिनों पहले युवती रूबी अपने प्रेमी सद्दाम के साथ भाग गई। परिजनों ने दोनों को काफी ढूंढा भी।
कोतवाली में ही किया निकाह
शनिवार को दिन में दोनों ही अचानक मउरानीपुर कोतवाली पहुंच गए। पहले तो उनके पहुंचने से पुलिस सकते में आ गई। प्रेमी युगल ने पुलिस को पूरी बात बताई। दोनों एक ही समाज और धर्म से थे, इसीलिए पुलिस ने दोनों का निकाह कराने का निश्चय किया। पुलिस ने पहले तो युवती के परिजनों को बुलाया, इसके बाद पुलिस ने काजी को बुलाया और दोनों का निकाह करा दिया। मउरानीपुर कोतवाली एसओ विक्रम सिंह ने बताया कि कागजी कार्रवाई के बाद दोनों को परिजनों को सौंप दिया गया।
फोटो: कोतवाली में मौजूद प्रेमी-युगल।