झांसी. मां वैष्णो देवी के दर्शन पाने के लिए दो महीने पहले घर से निकले एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज पीड़ित परिवार पिछले दो दिनों से आमरण अनशन पर बैठा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाएगी तब तक वो यहां से नहीं जाएंगे।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम अनुराग यादव ने नवाबाद पुलिस थाने को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। हालांकि, अभी तक पीड़ित परिवार की डीएम से मुलाकात नहीं हो पाई है। अपह्त व्यक्ति की पत्नी सुशीला वर्मा ने बताया कि दो महीने पहले उनके पति अर्जुन वर्मा बीते 26 जुलाई को घर से दो दोस्तों के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गए थे। इसके बाद वो अभी तक लौटे नहीं हैं।
पीड़ित परिवार ने अपहरण किए जाने का आरोप अपह्त व्यक्ति के दोस्तो रामबाबू कुशवाहा और सोनू वर्मा पर लगाया है। इस मामले में पुलिस को प्रार्थना पत्र भी सौंपा जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि, दोनों दोस्तो अपने घर लौट चुके हैं।
सुशीला ने बताया कि घर से जाने के बाद जब उन्होंने अपने पति को फोन किया तो वो फरीदाबाद में अपने दोनों दोस्तों के साथ थे। दूसरे दिन फोन करने पर पता चला कि वो झांसी से ही कुछ दूरी दतिया इलाके में हैं। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका है। पत्नी ने हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है।
फोटो: पिछले दो दिनों से आमरण अनशन पर बैठा पीड़ित परिवार।