सहारनपुर/मेरठ. करीब एक साल पहले अपने परिजनों से बगावत करके प्रेमी से शादी की। शादी के कुछ दिनों बाद लड़की के ममेरे ससुर ने उसके साथ रेप किया। इसके बाद मुंह खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इस दौरान लड़की दो बार गर्भपात भी करा चुकी है। पीड़िता ने महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
कोतवाली मंडी के नीलकंठ विहार की निवासी पीड़िता के मुताबिक, वह मातागढ़ के रहने वाले पीयूष से प्यार करती थी। धीरे-धीरे दोनों ने शादी करने का फैसला किया लेकिन लड़की का परिवार इसके खिलाफ था। कुछ दिनों बाद दोनों ने बगावत करने का फैसला किया और बीते 18 नवंबर 2013 को दोनों ने इलाहाबाद के आर्य समाज मंदिर में प्रेम
विवाह कर लिया। ऐसे में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस प्रेम विवाह को स्वीकार करते हुए सहारनपुर जिला पुलिस को दंपति की सुरक्षा प्रदान करने के आदेश भी दिए थे।
शादी के बाद पीयूष लड़की को लेकर अपने घर पहुंचा। यहां काफी दिनों तक सब कुछ अच्छा चल रहा था। दोनों काफी खुश थे। इसी दौरान लड़की के ममेरे ससुर उस पर बुरी नजर डालना शुरू कर दिया। कुछ दिनों बाद अपने परिवार वालों के साथ मिलकर उसके पति ने लड़की को दहेज के लिए प्रताडि़त करना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति उसे दिन में अपने माता-पिता के पास रखता था, लेकिन रात में उसे थाना देहात कोतवाली के दतौली रांघड़ में अपने मामा के घर छोड़ आता था। जहां पर उसका ममेरा सुसर उस पर बुरी नजर रखने लगा। यहां उसके ममेरे ससुर ने पीड़िता के साथ कई दिनों तक रेप किया। पीड़िता जब रेप का विरोध करती थी तो उसकी पिटाई की जाती थी। पीड़िता ने महिला थाने की इंस्पेक्टर मंजू सिंह को अपनी पूरी कहानी बताने के साथ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी है। इंस्पेक्टर ने कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फोटो: सहारनपुर महिला थाना।