मुजफ्फरनगर. बुधवार को भलवा चेक पोस्ट के पास बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक पशु व्यापारी से साढ़े सात लाख रुपए लूट लिए। खास बात यह है कि दो दिन पहले ही एसएसपी मुजफ्फरनगर हरिनारायण सिंह ने यहां पुलिस चौकी का उद्घाटन किया था। इस लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए चेकिंग कराई गई, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार, ककरौली निवासी पशु व्यापारी नफीस कुरैशी बुधवार की सुबह दभेडी पशु पैंठ जा रहा था। जानसठ के निकट भलवा चेक पोस्ट के पास कार सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर साढ़े सात लाख रुपए लूट लिए।
इसके बाद बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। लूट की इस घटना से पशु व्यापारियों में रोष है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि जल्द ही लूट में शामिल बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा। लूट की सूचना पर दोपहर में एसएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।