पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Objectionable Photo Post On Whatsapp Group Admin Arrested Agra

WhatsApp पर डाली अश्‍लील फोटो, गुप एडमिन सहित दो गिरफ्तार

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मथुरा. वाट्सऐप पर ग्रुप में अश्‍लील तस्‍वीर डालने के आरोप में पुलिस ने शनिवार की रात दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उन्‍हें स्‍थानीय कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। जिस ग्रुप में अश्‍लील तस्‍वीर डाली गई थी, उसमें मथुरा की एसएसपी मंजिल सैनी का सरकारी मोबाइल नंबर भी शामिल था। पीआरओ ने इस मामले में थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। दोनों के खिलाफ आईटी एक्‍ट और अश्‍लीलता फैलाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जेल भेजे गए युवकों में ग्रुप एडमिन भुवन चौधरी और तस्‍वीर डालने वाला सुरेंद्र कुमार शर्मा शामिल हैं। भुवन अलीगढ़ के पटपड़ नगला निवासी है और सुरेंद्र मथुरा का सदर बाजार निवासी है। जब पुलिस उनके पास पहुंची, तो ग्रुप के अन्‍य सदस्‍यों में भी हड़कंप मच गया। सदर थाना प्रभारी सत्‍येंद्र राघव ने बताया कि भुवन चौधरी ने 'रामू पंडित सर्विस' नाम से ग्रुप बनाया था। इसमें एसएसपी समेत कुछ पुलिस अधिकारियों को भी सदस्‍य बनाया गया था। शनिवार की रात को इस ग्रुप में शामिल सुरेंद्र कुमार शर्मा ने अश्‍लील तस्‍वीर पोस्‍ट कर दी।
यह तस्‍वीर देखकर इस ग्रुप से जुड़े अधिकारी हैरान रह गए। यही तस्‍वीर एसएसपी के मोबाइल पर भी पहुंच गई। इसी के बाद एसएसपी के पीआरओ संतोष कुमार सिंह ने सदर थाना को सूचना दी। शनिवार देर रात को ही पुलिस ने सत्‍येंद्र और भुवन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल जब्‍त कर लिए हैं। इन मोबाइल में कई अश्‍लील तस्‍वीरें और वीडियो मिले हैं। सदर थाना प्रभारी सत्‍येंद्र राघव ने बताया कि वाट्सऐप पर इस तरह के अश्‍लील तस्‍वीरें और मैसेज भेजना कानूनी जुर्म है।
प्रतीकात्मक तस्वीर।