झांसी. बुंदेलखंड महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष बृजेंद्र यादव के छोटे भाई देवेंद्र यादव को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि गोली मारने की वहज पुरानी रंजिश है। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, इमरजेंसी वार्ड के बाहर बड़ी संख्या में छात्र संघ अध्यक्ष के समर्थक मौजूद हैं। ऐसे में किसी बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस बल मेडिकल कॉलेज में मौजूद है। एसएसपी शिवसागर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
घटना गुरुवार रात करीब दस बजे की है। भोजला निवासी छात्रसंघ अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह यादव का छोटा भाई देवेंद्र सिंह यादव नवाबाद थाना इलाके के गुमनावारा में अपने चार पहिया वाहन से जा रहा था। इसी बीच आरोपी भी सामने से चार पहिया वाहन से आ रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों में यहीं नोकझोंक हुई और आरोपियों ने देवेंद्र को पिस्टल से गोली मार दी। गोली सीने पर लगी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। गंभीर घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसएसपी शिवसागर सिंह सहित झांसी के लगभग सभी थानों की पुलिस मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी भी यादव ही है। घटना से छात्रसंघ अध्यक्ष के समर्थकों में आक्रोश है। किसी बवाल की आशंका को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वॉर्ड के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
फोटो: मेडिकल कॉलेज में भर्ती छात्र संघ अध्यक्ष का भाई।