पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Panchayat Decision Accused Got Married Minor Rape Victim Saharanpur

पंचायत का तुगलकी फरमान, आरोपी से ही करवा दिया नाबालिग रेप पीड़िता का निकाह

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सहारनपुर. दो दिन पहले किशोरी के साथ हुए रेप के मामले में पंचायत ने तुगलकी फरमान सुनाया है। रविवार देर रात बुलाई गई बैठक में नाबालिग रेप पीड़िता का निकाह आरोपी युवक के साथ ही करवा दिया गया। वहीं, पंचायत के इस फैसले पर दोनों पक्षों ने अपनी स‍हमति जताई है।
बताते चलें कि बेहट थानाक्षेत्र के गांव जसमोर निवासी एक किशोरी के परिजनों ने दो दिन पहले थाने में तहरीर दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि किशोरी को घर में अकेला पाकर गांव के ही रहने वाले एक युवक ने उसको अपनी हवस का शिकार बना लिया था। साथ ही किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने मामले की बाबत किसी से भी कुछ बताया तो वह उसे जान से मार देगा, लेकिन दुष्कर्म के बाद की पीड़ा युवती से नहीं सही गई और उसने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। वहीं, इस मामले में कोतवाली पुलिस ने पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर रख ली, लेकिन रविवार तक कोई कार्रवाई नहीं की।

युवक के परिजनों ने बुलाई थी पंचायत

मामले की जानकारी जब आरोपी युवक के परिजनों को हुई तो उन्होंने बदनामी के डर से गांव के कुछ गणमान्य लोगों से मामले में फैसला कराए जाने की बात कही। जानकारी के मुताबिक, देर रात आरोपी पक्ष की ओर से गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में पीड़ित किशोरी पक्ष को भी बुलाया गया। पंचायत के सामने आरोपी पक्ष और युवक ने पीड़ित पक्ष से माफी मांगी। इसके बाद पंचायत ने आरोपी को पीड़िता से निकाह करने का फरमान सुनाया। आरोपी के इस बात पर राजी होने पर पीड़िता का आरोपी से निकाह कराकर पंचायत द्वारा मामले का पटाक्षेप करा दिया गया।

पुलिस कर रही जानकारी से इनकार

मामले में घटना वाले दिन ही पीड़िता के परिवार की ओर से बेहट थाने में तहरीर दे दी गई थी, लेकिन पुलिस इस तरह के किसी भी मामले की जानकारी होने से इनकार कर रही है। इस संबंध में एसएसआई दिनेश त्यागी का कहना था कि इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ तो वह इसकी जांच कराएंगें।
तस्‍वीर में: बेहट कोतवाली, यहीं दी गई थी आरोपी के खिलाफ तहरीर।