फोटो: परिजनों द्वारा आईसीयू में की गई तोड़फोड़ और (इनसेट में) मृतका।
झांसी. रेलवे हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद ब्लड चढ़ाए जाने के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हॉस्पिटल में तोड़फोड़ कर दी। गुस्साए परिजनों ने आईसीयू का काउंटर तोड़ दिया। हंगामे के चलते कई डॉक्टर इलाज छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी कैलाश चंद्र रिटायर्ड रेलवे कर्मी हैं। कुछ दिन पहले उनकी पत्नी रत्नावती के पैर में चोट लग गई। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ऑपरेशन कराने का सलाह दी। परिजनों के मुताबिक, रेलवे अस्पताल के डॉक्टरों ने ऑपरेशन के लिए 20 हजार रुपए मांगे। इसके बाद मरीज के कूल्हे के पास टूटी हड्डी की बजाय कमर की ऊपर की हड्डी का ऑपरेशन कर दिया गया। काफी देर बाद मरीज को खून चढ़ाया गया। इसी बीच मरीज की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद बौखलाए परिजनों ने आईसीयू में तोड़फोड़ कर दी। सीएमएस डॉ. जेपी उपाध्याय द्वारा सूचना देने पर मौके पर नवाबाद थाने और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को शांत किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, मृतक महिला की बेटी आरती ने मंडल रेल प्रबंधक और नवाबाद थाना पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। सीएमएस जेपी उपाध्याय का कहना है कि सभी आरोप गलत है। अचानक मौत किस वजह से हुई ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आ जाएगा।
आगे देखिए, घटना से जुड़ी तस्वीरें...