फोटो : जिला अस्पताल में भर्ती पीड़ित युवती।
मेरठ/मुजफ्फरनगर. रेप की शिकार हुई युवती को आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखवाना भारी पड़ा गया। शनिवार की देर रात पीड़िता को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजनों का कहना है कि युवती के साथ एक साल पहले रेप हुआ था। उस वक्त आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई थी। जेल से छूटने के बाद उसी ने उनकी बेटी को गोली मारी है।
तीन बाइक सवारों ने मारी गोली
पुलिस के अनुसार, जनकपुरी निवासी 28 वर्षीय युवती एक किराए के मकान पर रह रही थी। वह अ
विवाहित थी। शनिवार देर रात वह घर में बैठी खाना खा रही थी। तभी बाइक पर सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और युवती पर गोलियां दाग दीं। एक गोली युवती के सीने में लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल युवती को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। लोगों ने इसकी सूचना युवती के परिजनों को दी।
कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था आरोपी
सीओ सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि युवती के साथ एक साल पहले रेप किया गया था। इस मामले में खालापार निवासी एक व्यक्ति को नामजद किया गया था। यह मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। आरोपी जेल चला गया था। कुछ दिन पहले ही वह जेल से जमानत पर छूटकर आया था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।