तस्वीर में: दुर्घटना के बाद सड़क पर पड़ा नितिन का शव।
मेरठ/मुजफ्फरनगर. मंसूरपुर के पास गुरुवार को एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना जब उसकी ताई को लगी तो वह मौके पर पहुंचने के लिए घर से निकल गई। रास्ते में रेलवे ट्रैक पार करते समय ताई की भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। परिवार में एक साथ दो मौत होने से कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के अजमतगढ़ का निवासी नितिन (22) मंसूरपुर में रहता था। गुरुवार सुबह जब वह अपनी साइकिल से काम पर जा रहा था। तभी एक डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद डीसीएम चालक वाहन को लेकर भाग गया। दुर्घटना के बाद लोगों ने दिल्ली देहरादून हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
परिवार पर दूसरा कहर उस समय टूटा जब हादसे की खबर सुनकर अजमतगढ़ से आते समय नितिन की ताई गीता रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ दो मौतों के बाद परिवार में कोहराम मच गया। नितिन के ताऊ ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आगे देखिए इस खबर से संबंधित तस्वीरें...