पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Robbers Caught By Young Men Playing On The Lives

सहारनपुर: युवकों ने जान पर खेल पकड़े दो बदमाश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सहारनपुर/मेरठ. बाइक लूट कर भाग रहे दो बदमाशों को गांव के युवकों ने अपनी जान पर खेल कर पकड़ लिया। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस दौरान पुलिस भी पीछा कर रही थी, लेकिन वह पीछे रही। बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, बदमाश इस दौरान दिशा फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूट की योजना बना कर आए थे, लेकिन उनके पास नकदी नहीं होने पर बाइक लूट कर भागने लगे थे। बाइक लूट के बाद पीड़ित जब शोर मचाने लगा तो अंबाला की ओर से आ रहे कार सवार युवकों ने लूट का शिकार हुए राजेश से पूछताछ की और उसे अपनी कार में बैठाकर बदमाशोंं का पीछा किया। युवकों ने पल्सर सवार एक बदमाश को कार की साइड मारकर नीचे गिरा दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद बदमाश बाइक उठा कर ग्राम सौराना में घुस गया।

शोर सुनकर सैकड़ों ग्रामीण एकत्रित हो गए और बदमाश की तलाश करने लगे। इसी दौरान गांव निवासी दो युवक मोनू और आकाश ने अपनी जान पर खेल कर भाग रहे बदमाश को पकड़ लिया। इसके बाद बदमाश की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई करते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को हिरासत में ले लिया और भाग रहे चार अन्य बदमाशों का पीछा किया।

पुलिस ने भाग रहे एक और बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन तीन अन्य फरार हो गए। बदमाश के कब्जे से लूटी गई बाइक को भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम रवि कल्लू बताए हैं।थाने पर पहुंचे एसपी देहात डॉ. धर्मवीर ने भी बदमाशों से पूछताछ कर फरार तीनों बदमाशों को पकड़ने के आदेश दिए हैं।
फोटोः बाइक लुटेरा, पिटाई के बाद रोने लगा।