सीतापुर/लखनऊ. तालगांव इलाके में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने लहरपुर-सीतापुर सड़क जाम कर करीब आधा दर्जन लोगों से लूटपाट की। एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने बनईरामा पुल और सिकंदरा के बीच पुआल डाल कर रास्ता रोक लिया।
वहां से गुजर रहे ग्राम प्रधान और पूर्व प्रधान सहित करीब आधा दर्जन लोगों को बंधक बनाकर उनसे 20 हजार रुपए और
मोबाइल फोन लूट लिए। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और लुटेरों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
लखनऊ में वैवाहिक समारोह में शामिल होकर अकबरपुर के ग्राम प्रधान रमेश वर्मा पुत्र चंद्रभाल वर्मा और पूर्व प्रधान सुधाकर मिश्रा पुत्र शिवभगवान मिश्रा निवासी ढखेरा कोतवाली लहरपुर लौट रहे थे। करीब दर्जनभर हथियारबंद बदमाशों ने उनकी वैगन आर कार को रोक लिया। असलहे तानकर रमेश वर्मा के पास से 8 हजार रुपए और सुधाकर मिश्रा से 45 सौ रुपए नकद लूट लिए। वहीं कार चालक वीरेंद्र निवासी कला बहादुरपुर से पांच सौ की नकदी लूट ली।
लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने इन लोगों को जान से मारने की धमकी देकर सीतापुर की ओर भेज दिया। इसके बाद लहरपुर मेडिकल स्टोर के मालिक इस्लामुद्दीन निवासी मोहल्ला भूलनपुर की पिकअप वैन में लूटपाट हुई। उसमें दवाई लादकर सरताज पुत्र आजम अली निवासी चिक्की टोला लहरपुर आ रहे थे। उनसे 2700 रुपए नकद, मोबाइल फोन और उनके साथी जुबैर अहमद निवासी गांधीनगर से 2400 रुपए और एक अन्य से दो हजार की नकदी लूट ली।
बदमाशों की चंगुल से निकलकर पूर्व प्रधान सुधाकर ने घटना की सूचना पुलिस के आला अधिकारियों को दी। उनके निर्देश पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि इंस्पेक्टर तालगांव सगीर अहमद ने इलाके में किसी भी लूट की घटना घटित होने की जानकारी से इनकार किया है।
प्रतीकात्मक फोटो।