सहारनपुर. सोमवार की शाम खेत से काम कर घर वापस लौट रही एक युवती को गांव के ही रहने वाले एक युवक ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। तमंचे से डरा-धमकाकर उसके साथ रेप किया। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। बेसुध हालत में घर पहुंची पीड़िता ने अपने साथ हुई ज्यादती से परिजनों को बताया तो उनके होश उड़ गए।
कोतवाली देवबंद क्षेत्र के गांव नन्हेडा टीपटान निवासी 15 वर्षीय युवती कमला (काल्पनिक नाम) सोमवार की दोपहर काम करने के लिए अपने खेत पर गई थी। पशुओं के लिए चारा आदि एकत्रित करने के बाद वह शाम को करीब पांच बजे घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला एक युवक उसे रास्ते में मिला और डरा-धमकाकर खेत में खींच ले गया। इसके बाद तमंचे के बल पर उसके साथ रेप किया।
घर पहुंचकर अपनी मां को बताई आपबीती
अपनी हवस शांत करने के बाद आरोपी युवक पीड़िता को खेत में ही बेसुधी की हालत में छोड़कर और जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंची युवती ने अपने साथ हुई ज्यादती से अपनी मां को अवगत कराया। इसके बाद उसकी मां ने मामले की जानकारी अपने पति को दी।
पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
देर शाम ग्रामीणों के साथ परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर गांव नन्हेड़ा टीपटान निवासी आरोपी युवक जसवीर के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और 3/4 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ब्रजपाल सिंह जाखड़ ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फोटो: कोतवाली देवबंद।