लखनऊ/सीतापुर. इमलिया सुल्तानपुर इलाके में बीती रात दर्जनभर बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने चांदूपुर क्रय केंद्र पर धावा बोल दिया। इसके बाद यहां मौजूद दो चौकीदारों को बंधक बनाकर गन्ने से भरी ट्रॉली लूट ले गए। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने चौकीदारों की निर्मम तरीके से पिटाई भी की। लुटेरों के जाने के बाद चौकीदार ने पुलिस को लूट की सूचना दी। वहीं, पुलिस ने मुकदमा करने के बजाय जांच करने की बात कह रही है।
डालमिया ग्रुप की जवाहरपुर स्थित चीनी मिल का क्रय केंद्र इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चांदूपुर गांव में है। गुरुवार को गन्ना तौलाने के लिए केशवपुर निवासी किसान अभय सिंह पुत्र मुन्ना सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भरकर क्रय केंद्र पर गया था। तौल न हो पाने के कारण अभय सिंह रात में ट्रॉली क्रय केंद्र पर खड़ी करके ट्रैक्टर लेकर घर चला गया।
असलहों से लैस थे बदमाश
देर रात क्रय केंद्र पर एक दर्जन असलहों से लैस बदमाशों ने धावा बोल दिया। इस दौरान बेखौफ बदमाशों ने चौकीदार ज्ञानू सिंह और सुखई निवासी टीकर बहादुरपुर को बंधक बना लिया। चौकीदारों की पिटाई करते हुए लुटेरों ने फोन करके एक ट्रैक्टर मंगाया और अभय सिंह की ट्रॉली टोचन करके चले गए।
क्रय केंद्र प्रभारी ने पुलिस को दी तहरीर
बदमाशों के जाने के बाद चौकीदार ने
मोबाइल फोन से एसओ इमलिया सुल्तानपुर जगदीश यादव को सूचना दी गई। शुक्रवार को क्रय केंद्र प्रभारी नीरज सिंह ने लूटपाट की तहरीर पुलिस को दी। अपराध छिपाने की वजह से पुलिस ने मुकदमा दर्ज न करते हुए मामले में जांच की बात कही है।
फोटो: क्रय केंद्र पर लगी गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली।