झांसी. बुंदेलखंड महाविद्यालय में बहुप्रतीक्षित छात्रसंघ चुनाव में शनिवार को समाजवादी छात्रसभा ने कब्जा कर लिया है। बीकेडी के अलावा विपिन बिहारी डिग्री कॉलेज में भी छात्रसभा ने जीत दर्ज की है। यहां समाजवादी छात्रसभा के लोकेंद्र सिंह और आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में निर्दलीय प्रत्याशी सोनल अग्रवाल ने जीत दर्ज की। एबीवीपी और एनएसयूआई के प्रत्याशी चुनाव नतीजों में काफी पीछे रहे। यहां चुनाव पूरे दो साल बाद संपन्न हुए थे।
झांसी में तीन महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव होना था। सुबह से ही वोट डालने को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह था। बुंदेलखंड महाविद्यालय, विपिन बिहारी डिग्री कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज में वोटिंग के बाद 3 बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। जैसे-जैसे रूझान आना शुरू हुए समाजवादी छात्रसभा के समर्थक जीत के लिए आश्वस्त होते गए।
बुंदेलखंड के बड़े महाविद्यालयों में से एक बुंदेलखंड महाविद्यालय का चुनाव सबसे चुनौतीपूर्ण था। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। यहां समाजवादी छात्रसभा के प्रत्याशी बृजेंद्र यादव को 850 वोट मिले। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी रामराजा यादव को हरा दिया। ऐसे में एबीवीपी और एनएसयूआई क्रमश: तीसरे, चौथे स्थान पर रही।
विपिन बिहारी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्रसभा के लोकेंद्र सिंह ने चुनाव जीता। वहीं, आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में सोनल अग्रवाल ने जीत दर्ज की। सोनल यहां निर्दलीय प्रत्याशी थीं।
तस्वीर में: छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अपने समर्थकों के साथ जश्न मनाते हुए समाजवादी सभा के लोकेंद्र सिंह।