फोटो: मेडिकल कॉलेज में जुटे परिजन।
झांसी. गोली लगने से घायल हुये बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ अध्यक्ष के छोटे भाई की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते उसपर हमला किया था। गोली उसके सीने पर लगी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके के लोगों में काफी रोष है।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र की मौत काफी पहले हो चुकी थी। संवेदनशील माहौल देखते हुए पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया। किसी बवाल की आशंका को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में काफी मात्रा में पुलिसकर्मी मौजूद हैं। एसएसपी शिवसागर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना गुरुवार की रात लगभग 10 बजे की है। छात्रसंघ अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह यादव का छोटा भाई देवेंद्र सिंह (22) नवाबाद थाना इलाके के गुमनावारा में कार से जा रहा था। इसी बीच आरोपी भी वहां सामने से आ रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों में बीच सड़क नोकझोंक हुई। आरोपियों ने देवेंद्र को पिस्टल से गोली मार दी। गोली उसके सीने के आरपार हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र का पिछले कई दिनों से आरोपियों से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले ही बाइक पर सवार देवेंद्र को आरोपियों ने चार पहिया वाहन से टक्कर मार दी थी। इसे लेकर काफी विवाद हुआ था। तब से दोनों ओर तनावपूर्ण स्थिति थी। पुरानी रंजिश में उसपर हमला हुआ और उसकी जान चली गई।
आगे देखिए, खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें...