अलीगढ़/लखनऊ. अलीगढ़ के बेसिक शिक्षा विभाग की लापरवाही फिर सामने आई है। यहां सर्व शिक्षा अभियान की लगभग 2 लाख रुपए की किताबों में दीमक लग गई है। इससे ये किताबें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। मामला मीडिया के सामने आने के बाद अलीगढ़ के डीएम अभिषेक प्रकाश ने इसे संज्ञान में लिया। उन्होंने इस संबंध में अगले 24 घंटे के अंदर बेसिक शिक्षा विभाग से जवाब मांगा है।
बताते चलें कि ये किताबें प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल के बच्चों को देने के लिए मंगवाई गई थीं। इनका सही ढंग से रख-रखाव नहीं होने के लिए दीमक लग गई। वहीं, अपनी लापरवाही छिपाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने किताबों को एक कमरे में रखवा दिया। इस पुरे मामले पर अगले 24 घंटे के अंदर डीएम कार्रवाई करेंगे। उन्होंने शिक्षा विभाग से इस संबंध में लिखित जवाब मांगा है।
इस मामले पर टीचरों का कहना है कि शिक्षा विभाग के अधिकारी कमीशन के लिए जरुरत से ज्यादा किताबें मंगा लेते हैं। बाद में इन्हें बेच देते है। यदि सही तरीके से जांच किया जाए, तो कई करोड़ रुपए का घोटाला सामने आएगा। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग में टीचर और शिकायतकर्ता गुलजार अहमद का कहना है कि इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। एक बार नाले में बच्चों की किताबें मिली थी। तब भी अधिकारियो से शिकायत की गई थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
फोटो: शिक्षा विभाग के एक कमरे में रखी दीमक लगी किताबें।