सीतापुर/लखनऊ. बेटे की दवाई लेने लखीमपुर जा रहे एक युवक की बाइक सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक से टकरा गई। उसमें फंसकर बाइक सौ मीटर तक घिसटती चली गई। सोमवार को हुए इस हादसे में बाइक सवार युवक और उसके दो बेटों की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
घटना लहरपुर कोतवाली इलाके में सिंघनापुर कस्बे की है। अतरौरा निवासी सतीश (40) सोमवार को अपने दो बेटों अरविंद (18) और सतीश (11) को बाइक पर बैठाकर दवाई लेने लखीमपुर के लिए निकले थे। अरविंद को सिंघनापुर स्थित बीएन इंटर कॉलेज में चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षा देने के लिए जाना था। सतीश उसे कॉलेज में छोड़कर सूरज के साथ लखीमपुर जाने वाले थे।
कॉलेज से पहले ही यह लोग सिंघनापुर के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक ट्रक में फंसकर सौ मीटर तक घिसटती चली गई।
इस दुर्घटना में तीनों पिता-पुत्रों की मौके पर ही मौत हो गई। यह खबर मिलते ही दुर्घटनास्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
इस हादसे की खबर सतीश के गांव अतरौरा पहुंची तो पूरा गांव शोक में डूब गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फोटो: ट्रक में फंसी बाइक।