मुजफ्फरनगर/मेरठ. एनएच-58 स्थित मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव घासीपुरा में डीएवी इंटर कॉलेज के पास बुधवार देर शाम दो बम मिलने से सनसनी फैल गई। बम पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में मंसूरपुर पुलिस ने जिला मुख्यालय को सूचना देकर बम निरोधक दस्ते को बुला लिया। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने जांच-पड़ताल के बाद दोनों बमों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक लैब में टेस्टिंग के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि एक बम बारूद से भरा लग रहा है, जबकि दूसरा बिना बारूद का लग रहा है। बम मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, ऐसा लग रहा है कि यह बम किसी स्क्रैप की फैक्ट्री से यहां फेंके गए हैं। बताते चलें कि मुजफ्फरनगर और मंसूरपुर में कई स्टील फैक्ट्री हैं। इनमें लोहे का स्क्रैप खरीदा जाता है। यह स्क्रैप दूसरे जिलों और राज्यों से भी यहां आता है। बम मिलने के बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
फोरेंसिक जांच के बाद ही सही कारणों का चल सकेगा पता
अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच के बाद ही तय हो पाएगा कि क्या ये बम या लॉन्चर जिंदा है या स्क्रैप है। जानकारी के मुताबिक, ये माना जा रहा है कि ये दोनों मिसाइलनुमा बम रॉकेट या लॉन्चर हो सकते हैं। अब फोरेंसिक जांच के बाद ही यह तय हो पाएगा कि आखिर ये मिसाइलनुमा बम आर्मी के हैं या फिर स्टील फैक्ट्री में बाहर से आया हुआ स्क्रैप है।
सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसीज की है नजर
मंसूरपुर थानाक्षेत्र में मिसाइल के शेल मिलने के मामले में सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसीज के अधिकारी भी निगाह बनाए हुए हैं। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रथम दृष्टया यह शेल आसपास की फाउंड्री में ले जाए जा रहे स्क्रैप में थे, जो लापरवाही से फेंक दिए गए हैं।
आगे पढ़िए क्या कहते हैं मंसूरपुर थाने के इंचार्ज योगेश शर्मा…