मेरठ/मुजफ्फरनगर. शनिवार को मुजफ्फरनगर के रेलवे स्टेशन पर एक महिला ने नवजात बच्ची को जन्म दिया। महिला और उसके बच्चे को देखने वालों की भीड़ प्लेटफार्म पर लग गई। सूचना मिलते ही जीआरपी के आला अफसर प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंचे और स्थिति को देखते हुए महिला और नवजात को अस्पताल पहुंचाया। यहां महिला और उसका बच्चा दोनों स्वस्थ्य बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक महिला ने शनिवार की सुबह बच्ची को जन्म प्लेट फार्म संख्या दो पर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला काफी दिनों से यहीं स्टेशन और उसके आसपास घूम रही थी। महिला का नाम पूनम (40) बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि वह पटियाला की रहने वाली है और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।
महिला स्टेशन पर ही भीख मांगकर अपना गुजर बसर कर वहीं रात बिताती है। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद महिला की हालत ठीक बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने पर कई सामाजिक कार्यकर्ता भी महिला का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। स्टेशन पर पूरे दिन यह घटना चर्चा का विषय बनी रही।
तस्वीर में: प्लेटफॉर्म पर बच्ची को जन्म देने वाली जिला अस्पताल में भर्ती महिला।