चंडीगढ़. दिसंबर में 12 दिन मौसम सामान्य रहा। 13 दिसंबर को 24 घंटे की बारिश ने पिछले 22 साल का रिकाॅर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग ने 13 दिसंबर सुबह 8.30 बजे से 14 दिसंबर सुबह 8.30 बजे 74.3 मिली मीटर बारिश दर्ज की। यह ऑल टाइम रिकाॅर्ड है। इससे पहले 29 दिसंबर 1982 को 55.8 मिलीमीटर बारिश रिकाॅर्ड की गई थी। शनिवार रात पूरी रात बारिश हुई, रविवार सुबह 12 बजे तक चली। पूरी रात मूसलाधार बारिश ने जहां शहर का तापमान गिरा दिया। वहीं रिकाॅर्ड तोड़ दिया। रविवार को सुबह 8.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बारिश थमने के बाद शहर में शीतलहर चली। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाॅल कहते हैं कि मौसम में यह बदलाव नॉर्थ पाकिस्तान और
जम्मू कश्मीर में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और इस्टरली वेव्स के एक साथ आने के चलते आया है। सोमवार को दोपहर तक बादल छाए रहेंगे। तेज हवाओं के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य 7 डिग्री कम रहा। हालांकि आसमान में बादलों और बारिश के चलते हवा में नमी की मात्रा 95 फीसदी रहने से शनिवार रात का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया।
कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दोपहर तक आसमान में बादल रहेंगे। दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल ही रहेंगे। पहाड़ों पर हुई
बर्फबारी के बाद जब धूप खिलेगी तो मैदानों में ठंड बढ़ेगी। इसके साथ ही कोहरा भी छाना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग ने घना कोहरा बुधवार के बाद ही छाने की संभावना है।
मौसम का लुत्फ उठाने पहाड़ों की ओर चले
संडे का दिन झमाझम बारिश और काले घने बादल देख लोग पहाड़ों के मौसम का लुत्फ उठाने को निकल पड़े। कई लोगों ने तो शनिवार को टॉय ट्रेन से शिमला जाने का प्रोग्राम बना लिया था। सुबह के वक्त कालका से शिमला जाने वाली अधिकतर ट्रेनें फुल रहीं।
हावड़ा मेल ने रोके टॉय ट्रेन के पहिए
कालका| मैदानी इलाके में पड़ रहे घने कोहरे के कारण हावड़ा मेल रविवार को निर्धारित समय से करीब साढ़े 3 घंटे की देरी से कालका स्टेशन पहुंची। हावड़ा मेल के लेट आने से हावड़ा के कनेक्शन में सुबह 5: 30 बजे चलने वाली शिवालिक डीलक्स टॉय ट्रेन करीब 3 घंटे की देरी से की। हावड़ा मेल सुबह 4: 30 बजे के बजाय सुबह 8 बजे कालका रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों की सुविधा के लिए हावड़ा मेल के आने के बाद शिमला के लिए सुबह 5: 30 बजे चलाई जाने वाली शिवालिक डीलक्स ट्रेन सुबह करीब 8: 15 बजे रवाना की। इसी तरह सुबह 5: 10 बजे चलने वाली रेलकार सहित दो अन्य टॉय ट्रेन को भी करीब तीन तीन घंटों की देरी से रवाना किया गया।