पंचकूला/मोहाली. मोरनी रोड पर रेस्टोरेंट डार्कनाइट कैफे में शनिवार तड़के हवाई फायरिंग के बाद 22 साल के कपिल पर तलवारों से हमला किया गया। यहां खड़ी तीन गाड़ियों में आग लगा दी गई। गंभीर रूप से घायल कपिल को पंचकूला सेक्टर-21 के प्राइवेट हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। उसकी टांगों में फ्रैक्चर है और सिर पर चोट आई है। कपिल के दोस्तों व घरवालों ने पुलिस को सोपू से जुड़े दो लड़कों के नाम दिए हैं। फिलहाल केस दर्ज नहीं किया गया, कपिल के बयान का इंतजार किया जा रहा है। कपिल एसडी कॉलेज सेक्टर-32 में बीए फाइनल ईयर का स्टूडेंट है।
यह झगड़ा स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (सोपू) के स्टूडेंट्स के बीच का है। हमला करने वाले भी सोपू से जुड़े हैं और कपिल भी। सोपू में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है, जिसे लेकर मोहाली में स्टूडेंट्स के घरों पर हमले हो चुके हैं और पिछले दिनों मोहाली कोर्ट के बाहर भी दो गुटों में झगड़ा हुआ था। कपिल ने मोरनी रोड पर पार्टनरशिप में रेस्टोरेंट खोला है। शनिवार तड़के करीब 3 बजे यहां 11 लड़के आए और हवाई फायरिंग की। कपिल वहीं एक हट में छिप गया, जबकि उसके साथी भाग निकले। लड़कों ने कपिल को देख लिया और उसके सिर पर कांच की बोतलें फोड़ीं, टांगों, बाजुओं, छाती पर तलवारों से वार किए। हमलावरों ने कपिल और उसके दोस्तों की ऑल्टो, ऑडी व एक और गाड़ी को आग लगा दी।
दोस्तों ने नहीं दी पुलिस को खबर
तड़के तीन बजे हुए हमले के बारे में पुलिस को शनिवार 11 बजे तक पता नहीं था। कपिल को हॉस्पिटल पहुंचाने वाले दोस्तों ने पुलिस को सूचना ही नहीं दी। जब कपिल के पिता हॉस्पिटल पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को बुलाने को कहा। दोस्तों ने पुलिस के आने से पहले ही जली हुई कारों को छिपा दिया। घरवालों ने सोपू के दो लड़कों- कालिया व मॉन्टी शाह का नाम पुलिस को दिया है।
मामा की मौत में नहीं जा पाए
कपिल की बहन सुमन ने बताया कि उनके मामा की मौत हो गई है, पिता वहीं जा रहे थे। भाई पर हमले के बारे में पता चला तो वहां नहीं जा पाए।
दोस्त बोले-मौके से मिले कारतूस
घरवालों और कपिल के दोस्तों के मुताबिक पुलिस को मौके से 7 कारतूस मिले हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि कुछ पेंच और स्क्रू मिले हैं, जिन्हें कपिल के दोस्त कारतूस समझ रहे हैं। चंडीमंदिर थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। घायल कपिल के बयान अभी नहीं हुए हैं। बयान के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
मोरनी रोड पर बने रेस्टोरेंट डार्कनाइट कैफे में की गई तोड़फोड़।