एलपीजी से डीजल में कन्वर्ट ऑटो भी किए जाएंगे इम्पाउंड
पंजाबऔर हरियाणा के डीजल ऑटोरिक्शा की एंट्री पर रोक के बाद अब प्रशासन उन ऑटो को भी इम्पाउंड करेगा, जिनके पास परमिट तो एलपीजी के नाम पर हैं लेकिन चल डीजल किट पर रहे हैं। इसको लेकर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी(एसटीए) ने फैसला किया है कि ऐसे ऑटोरिक्शा, जिनको कन्वर्ट किया गया है, उनके चालान नहीं काटे जाएंगे बल्कि इनको सिर्फ इम्पाउंड किया जाएगा। चंडीगढ़ में इस वक्त जो एलपीजी ऑटोरिक्शा चल रहे हैं, उनमें करीब 40 परसेंट ऑटो ऐसे हैं, जिन्होंने ज्यादा कमाई के चक्कर में एलपीजी के बजाय अपने ऑटो रिक्शा में डीजल किट लगवा ली है। जो कैंपेन डीजल ऑटोरिक्शा के खिलाफ प्रशासन चला रहा है, वह तब तक पूरा नहीं होगा, जब तक इन ऑटोरिक्शा को एलपीजी में फिर से कन्वर्ट नहीं करवाया जाता। एसटीए के अफसर सिर्फ खुद चेकिंग करेंगे, बल्कि पुलिस भी रास्ते में मिलने वाले ऑटोरिक्शा को राेककर उनके चालान करेगी और उन्हें थाने में खड़ा किया जाएगा। एसटीए ने शुक्रवार को 28 डीजल ऑटोरिक्शा के चालान काटे। इनमें से सभी पंजाब और हरियाणा के थे। इसके अलावा 7 को इंपाउंड किया गया है।