लोगों के बीच बैठकर चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी ‘आप’: संजय सिंह
आमआदमी पार्टी (आप) के पंजाब मामलों के प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए ‘आप’ के चुनावी घोषणा पत्र में अकाली-भाजपा और कांग्रेस की तरह झूठे वादे और जुमलें नहीं होंगे। दिल्ली की तर्ज पर पार्टी अपना चुनावी घोषणा पत्र पंजाब की जनता के साथ मिल-बैठकर बनाएगी। इसके लिए पार्टी दिल्ली डायलॉग कमीशन (डीडीसी) के चेयरमैन अशीष खेतान के नेतृत्व में राज्य स्तरीय ‘पंजाब डायलॉग’ कार्यक्रम 15 मार्च से शुरू करेगी। जबकि सभी ज्लवंत मुद्दों पर विशेषज्ञों और बुद्धिजीवियों के साथ विचार-विमर्श का दौर शुरू हो गया है। संजय सिंह मंगलवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों को संबोिधत कर रहे थे। उनके साथ अशीष खेतान, पंजाब के सह-प्रभारी और राष्ट्रीय संगठनात्मक सचिव दुर्गेश पाठक, पंजाब के कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर, लीगल सैल के चेयरमैन हिम्मत सिंह शेरगिल, पंजाब महिला विंग की प्रधान प्रो. बलजिंदर कौर, युवा विंग के प्रधान हरजोत सिंह बैंस, बुद्धिजीवी सैल के चेयरमैन आर.आर. भारदवाज, किसान विंग के प्रधान जीएस कंग और प्रवक्ता कुलतार सिंह संधवां मौजूद थे। संजय सिंह ने कहा कि पंजाब के लोगों के मन में यह सवाल जरूर होगा कि पंजाब में ‘आप’ की सरकार तो बन रही है लेकिन पंजाब और पंजाब के लोगों के लिए ‘आप’ की सोच और दृष्टि क्या है? पंजाब डायलॉग के माध्यम से तैयार होने वाले चुनावी घोषणा पत्र में हर एक बात दर्ज होगी। इस अवसर पर अशीष खेतान ने बताया कि चुनावी घोषणा पत्र को दूसरे राजनीतिक दल महज एक परंपरागत औपचारिकता के रूप में लेने लगे हैं। चुनाव से चार दिन पहले मीडिया की मौजूदगी में मेनिफेस्टो जारी होकर अगले दिन की खबर से खत्म हो जाता है।
10ज्वलंत मुद्दों पर होगा गहन विचार: खेतान
खेतानने बताया कि 15 अगस्त तक सभी विधानसभा क्षेत्रों के गांव, कसबो और शहरों में जाकर जनता के साथ ‘एग्रीमेंट’ रूप में चुनावी घोषणा पत्र तैयार कर लिया जाएगा। सत्ता परिवर्तन के मौजूदा माहौल में अकाली-भाजपा और कांग्रेस से खफा पंजाब का किसान, युवा, महिलायें, व्यापारी, उद्योगपति, पूर्व सैनिक, श्रमिक (मजदूर), प्रोफेशनल्स (डॉक्टर, वकील आदि) और सरकारी कर्मचारी क्या चाहता है? कैसी सरकार चाहता है? पहले चरण में दस ज्वलंत मुद्दों पर गहन विचार-चर्चा होगा। इन मुद्दों में किसान आत्महत्या, नशा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ी कानून व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, भू-माफिया, रेत-माफिया, केबल-माफिया, शराब-माफिया और ट्रांसपोर्ट-माफिया समेत सभी प्रकार के माफिया, महिलाओं के विरुद्ध हो रहा अपराध और दलितों पर हो रहे अत्याचार जैसे मुद्दे शामिल हैं। अशीष खेतान ने कहा, ‘आप वालंटियर्स और वर्करों की टीम के माध्यम से हम हर नागरिक और घर-घर तक पहुंचने की कोशिश करेंगे। पूरी प्रक्रिया में बहुत सारे सनसनीखेज खुलासे भी सामने आएंगे।