फर्जी एफिडेविट पर आरसी बनवाने वाले दो पकड़े
चंडीगढ़। फर्जीएफिडेविट के आधार पर आरसी बनाने के मामले में यूटी विजिलेंस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुरुक्षेत्र के नवाबअली और बटाला के राजेश के रूप में हुई है। विजिलेंस के मुताबिक राजेश ने कार खरीदी थी जिसके लिए उसने आरसी बनानी थी। वह आरसी चंडीगढ़ आरएलए से बनाना चाहता था। वहीं वह नवाबअली के संपर्क में आया। नवाबअली ने बताया कि वह उसकी आरसी चंडीगढ़ के पते पर रजिस्टर करवा देगा। इसके लिए दोनों में कुछ रुपयों की भी बात हुई। इसके बाद नवाबअली ने राजेश के साथ मिलकर आरएलए में झूठा एफिडेविट सबमिट करवा दिया। जिसका पता आरएलए को लग गया। मामले की शिकायत विजिलेंस को दी गई, जिस पर विजिलेंस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहीं विजिलेंस अब आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है कि वह किस आधार पर आरसी बना रहे थे। नवाबअली ने पहले भी किसी की ऐसे आरसी बनवाई है या वह पहली बार ऐसा कुछ कर रहा था। इस बारे में जांच शुरू कर दी गई है।