- Hindi News
- National
- हाईकोर्ट ने विजिलेंस से पूछा, 15 माह में कहां तक पहुंची सड़क निर्माण केस की जांच
हाईकोर्ट ने विजिलेंस से पूछा, 15 माह में कहां तक पहुंची सड़क निर्माण केस की जांच
चंडीगढ़ | कुरुक्षेत्रजिले की शाहबाद नगरपालिका में सड़कों के निर्माण कार्यों में हुए भ्रष्टाचार के मामले में हाईकोर्ट ने विजिलेंस ब्यूरो से पूछा कि 15 माह बीत जाने के बाद जांच कहां तक पहुंची। जस्टिस आरके जैन ने मंगलवार के लिए सुनवाई तय करते हुए विजिलेंस को मामले पर स्टेटस रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। शाहबाद निवासी राकेश बैंस की तरफ से याचिका में कहा गया कि उन्होंने अधिकारियों को एक सीडी दी, जिसमें नगरपालिका के अधिकारी ठेकेदारों बिल पास करने के लिए दो प्रतिशत की घूस मांग रहे हैं। दरअसल, सड़क कागजों में ही सिमट कर रह गई और कोई काम नहीं हुआ। विजिलेंस की तरफ से हाईकोर्ट को सूचित किया कि विजिलेंस ने सड़कों के निर्माण कार्य में प्रयोग हुई सामग्री के नमूने मधुबन लैब में भेज दिए हैं। इस पर याची के वकील प्रदीप रापडिया ने जिरह के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से विजिलेंस जांच को हरी झंडी मिलने के एक साल बाद जांच के नाम पर आज तक विजिलेंस ने सिर्फ सैंपल उठाने का ही काम किया है। यह भी हाईकोर्ट के आदेश मिलने के बाद हुआ है। यह मामला सिर्फ सड़कों के निर्माण में प्रयोग हुई घटिया सामग्री का नहीं है, बल्कि एक सड़क सिर्फ कागजों में बनी दिखाई गई।
मंगलवार तक स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा