पंजाब दौरे पर केजरीवाल का विरोध करेगी कांग्रेस: बिट्टू
आमआदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल 20 फरवरी को पंजाब आएंगे। वह पूरा एक हफ्ता पंजाब में रहेंगे। उनका कर्ज के कारण अात्महत्या करने वाले किसानों के परिजनों, नशे की मार के नीचे आए गांव आदि में जाने का प्रोग्राम है। पार्टी नेता दुर्गेश पाठक ने बताया कि 20 के आसपास उनका प्रोग्राम बन सकता है।
उधर, कांग्रेस के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने चेतावनी दी कि यदि आप आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पंजाब के प्रति अपना एजेंडा नहीं बदलती है, तो कांग्रेस अरविंद केजरीवाल को राज्य का दौरा नहीं करने देगी। आप के हाल ही के एजेंडे पर तेजी से प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए बिट्टू ने कहा कि केजीवाल को लोगों की भावनाओं को भड़काकर आग से नहीं खेलना चाहिए। आप द्वारा बहुत ही खतरनाक तरीके की सियासत की जा रही है। यह बहुत ही संवदेनशील राज्य है और लोगों की भावनाओं के साथ खेलने का पंजाब पहले ही बहुत बड़ा हर्जाना भुगत चुका है। केजरीवाल को इस तरह की सियासत नहीं करनी चाहिए, नहीं तो उनको इसके लिए बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। यदि आप खुद को देश विरोधी एजेंडे से नहीं हटाएगी, तो पंजाब कांग्रेस केजरीवाल को पंजाब में घुसने नहीं देगी। मैं उनको रोकने के लिए आतंकवाद प्रभावित लोगों के 35000 परिवारों के साथ प्रदर्शन का नेतृत्व करूंगा। उनके काफिले को राजपुरा या शंभू से पंजाब में दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। बिट्टू ने आगे कहा कि आप के फंडों में कई गुणा बढ़ोतरी बहुत सारे गंभीर शक पैदा करती है। जिस तरीके से पार्टी को फंड दिए जा रहे हैं, स्पष्टतौर पर इसमें समाज विरोधी तत्वों की शमूलियत है, जो विदेशों में बैठकर इन्हें बड़े स्तर पर स्पांसर कर रहे हैं। केजरीवाल को फंडों के स्रोतों पर भी अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।