डीएवी स्कूल-8 का जीत से आगाज
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| चंडीगढ़
स्कूलस्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर अंडर-15 बॉयज में डीएवी स्कूल ने जीत के साथ आगाज किया है। उन्होंने डीएवी स्कूल-8 में खेले गए मैच में डीएवी स्कूल-15 को 145 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। मैच में डीएवी स्कूल-8 ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम 24.5 ओवरों में 169 रन बनाकर सिमट गई।
टीम की ओर से योगेश ने 35 रन बनाए जबकि सार्थक ने 34 रन बनाए। डीएवी-15 के लिए अर्पित ने चार बल्लेबाजों को चलता किया जबकि रितिक मग्गू ने एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी डीएवी-15 की टीम 10 ओवरों में महज 24 रन बनाकर सिमट गई। विजेता टीम की ओर से सिद्धार्थ ने पांच रन बना। विजेता टीम की ओर से नवनीत ने पांच बल्लेबाजों को चलता किया जबकि सार्थक ने तीन विकेट लिए। वहीं दूसरे मुकाबले में सेंट एनीज स्कूल ने चंडीगढ़ बैप्टिस्ट को सात विकेट से शिकस्त दे दी। मैच में चंडीगढ़ बैप्टिस्ट ने 23 ओवरों में सभी विकेट खोकर 125 रन बनाए जिसके जवाब में एनीज की टीम ने 22 ओवरों में तीन विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। विजेता टीम की ओर से धनराज ने 62 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली जबकि अर्शदीप ने 30 और शिवा ने 27 रन बनाए।