पंचकूला। पंचकूला के सेक्टर-12ए में पीजी में रहने वाली तीन स्टूडेंट्स को फ्रेंडशिप के लिए परेशान करने वाले आईआरबी के जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। उस पर मामला दर्ज भी कर लिया गया है। आईआरबी जवान सचिन के खिलाफ डीसीपी अनिल धवन के आदेश पर सेक्टर-14 पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। उस पर आईपीसी की धारा 451 (किसी के घर में जबरन घुसना) 509 (किसी महिला के चरित्र पर सवाल उठाना ) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार दोपहर को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पीजी गर्ल्स के लिए बनेगा वॉट्सएप ग्रुप
पंचकूला पुलिस एक सर्वे शु़रू करने जा रही है, जिसमें पंचकूला के सभी सेक्टर्स के पीजी में रहने वाली लड़कियों की डिटेल ली जाएगी। इसके बाद उन्हें एक वॉट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाएगा। अम्बाला-पंचकूला पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने बताया कि इसके लिए एसीपी पूर्णिमा सिंह को इंचार्ज बनाया जाएगा। अगर लड़कियों को कोई परेशान करता है, तो वे इस ग्रुप में मैसेज कर सकती हैं।
पीजी में घुस गया था...
सेक्टर-12ए के एक पीजी में रहने वाली तीन लड़कियों को एक आईआरबी का जवाब सचिन परेशान करता था। वह बार-बार उनसे मोबाइल नंबर मांगता था। दो दिन पहले रात के समय वह उनके पीजी में घुस गया था। इस पर लड़कियों ने इसकी वीडियो बनाकर पुलिस कमिश्नर को दिखा दी थी।